ईदगाह सहित जिलेभर की मस्जिदों में हुई ईदुल फितर की नमाज़- गले मिलकर दिया मोहब्बत का पैग़ाम
बदायूं। ज़िले भर की ईदगाह और मस्जिदों में गुरुवार को हजारों नमाजियों ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क व कौम की सलामती के लिए दुआ की।
इमामों ने तकरीर पेश कर लोगों को इस्लाम से रूबरू कराते हुए कहा कि समाज में आतंक फैलाकर बेगुनाहों को जान लेने वाला सच्चा मुसलमान हो ही नहीं सकता।इस्लाम ने सारी दुनिया को मोहब्बत का पैगाम देने का काम किया है।
उन्होंने मुसलमानो से देश और प्रदेश की रक्षा को आगे आने को कहा। नमाज़ के बाद मुस्लिम भाइयों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। देर रात तक लोगों का ईद की मुबारकबाद देने को एक दूसरे के घर आना जाना लगा रहा। बच्चों को ईदी स्वरूप उपहार दिए गए।
सबसे पहले मदरसा आलिया कादरिया में गुरुवार सुबह 6:30 बजे काज़ी ए ज़िला हजरत अतीफ मियां कादरी साहब ने ईद की नमाज अदा कराई।
इन्होंने नमाज़ से पहले तकरीर पेश करते हुए कहा कि मुसलमानों को अल्लाह के बताए रास्ते को नहीं छोड़ना चाहिए। हमें रसूल के हर पैगाम पर चलना चाहिए।
उन्होंने कहा हर मुसलमान को भाईचारा बढ़ाने में आगे आना चाहिए तभी देश और कौम की तरक्की हो सकती है। इस्लाम मोहब्बत और भाई चारे का संदेश देता है।
जामा मस्जिद शम्सी में सुबह 9:00 शाही इमाम हाफिज ताहिर हुसैन कादरी ने नमाज अदा कराई। नमाज़ के बाद खुतबा पेश किया और आखिर में उन्होंने मुल्क व कौम के तरक्की और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ कराई।
इससे पूर्व उन्होंने अपनी तकरीर में कहा कि सदका ए फितर के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि ईद की नमाज से पहले सदका ए फितर अदा करना सुन्नत है। अगर किसी वजह से अदा नहीं कर सका है तो नमाज़ के तुरंत बाद सदका ए फितर जरूर अदा कर दे।
छोटे सरकार स्थिति ईदगाह शम्सी में सुबह 10:00 बजे ईद की नमाज अदा करने बड़ी संख्या में मुसलमान भाइयों की भीड़ उमड़ पड़ी।ईदगाह का मैदान पूरी तरह खचाखच भर गया लोगों ने सड़क पर सफे बिछाकर नमाज़ अदा की।
इससे पहले ईदगाह शम्सी के शाही इमाम हजरत मौलाना अज़्जाम मियां कादरी ने कहा कि ईद का दिन रोजेदारों के लिए ईनाम का दिन है यही वजह है कि तमाम मुसलमान इस दिन गले मिलकर अपनी खुशियों का इजहार करते हैं।
आज हमारे रोजे के ईनाम का दिन है हमें अपने गुनाहों से माफी मांगनी चाहिए।इसके बाद कादरी साहब ने नमाज अदा कराई और खुतबा भी पढ़ा। जिसके बाद हजरत ने सभी लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
पूर्व मंत्री शिवपाल व आबिद रज़ा ने गले मिलकर दी मुबारकबाद
पूर्वमंत्री आबिद रजा व पूर्वमंत्री शिवपाल सिंह यादव ने ईदगाह पहुंचकर नमाजियों को दी ईद की मुबारकबाद
पूर्वमंत्री आबिद रज़ा ने ईद उल फितर की नमाज ईदगाह में अदा की। ईदगाह पर पूर्व मंत्री आबिद रज़ा की ओर से हर साल की तरह इस बार भी एक कैंप लगाया गया।
इस कैम्प में पूर्वमंत्री आबिद रजा के साथ बदायूं लोकसभा से सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव ने लोगो से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे की मिसाल पेश की। पूर्व मंत्री आबिद रजा व शिवपाल यादव ने सभी नमाजियों के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
पूर्व मंत्री आबिद रजा के साथ उनके बड़े बेटे दयान रजा और छोटे बेटे आदान रजा भी मौजूद रहे
इसके बाद पूर्वमंत्री आबिद रज़ा व शिवपाल सिंह यादव सबसे पहले दारुल उलूम शाह ए विलायल के सरबराये आला हज़रत मौलाना अब्दुल रसूल कादरी साहब से मिलने मदरसा पहुंचे
वहां पहुंच कर हज़रत मौलाना अब्दुल रसूल कादरी साहब से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी । इसके बाद पूर्वमंत्री आबिद रज़ा व लोक सभा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव ने क़ाज़ी ए ज़िला हज़रत अतीफ मिंया कादरी से मिलने उनके आवास पहुँचे
और हज़रत अतीफ मिंया क़ादरी साहब से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।इस अबसर पर सपा जिला अध्यक्ष आशीष यादव,अफसर अली खान, क़ौसर अली खान, फरहत सिद्दिकी, स्वाले चौधरी, डॉ मुशफ्फ़े, डॉ आशू, नदीम साबिर, राहत चौधरी, हर्षित यादव, फैसल खान , नीशू,सदाकत , जहांगीर आदि मौजूद रहे।
बसपा नेताओं ने दी ईद की मुबारकबाद