बहजोई जनपद सम्भल।
कमर और पैरों में दर्द की समस्या की वजह से चुनाव ड्यूटी कटवाने पहुंचे संभल नगर पालिका के एक कर्मचारी को मुख्य विकास अधिकारी ने आसन बताते हुए नियमित योग करने की सलाह दी। नियमित योग से उसे कुछ राहत मिली। शुक्रवार को एक बार फिर से कर्मचारी ड्यूटी कटवाने सीडीओ के पास पहुंच गया। जिस पर सीडीओ ने उससे कार्यालय में ही योग कराया और जल्द ही स्वस्थ होने पर चुनाव ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया।
संभल नगर पालिका में तैनात एक कर्मचारी की चुनाव में ड्यूटी लगी है। वह कुछ दिन पहले सीडीओ कार्यालय पहुंचा और कमर और पैर दर्द की समस्या का हवाला देते हुए सीडीओ भरत कुमार मिश्र से चुनाव में लगी ड्यूटी कटवाने की गुहार लगाई थी। जिस पर सीडीओ ने कर्मचारी को आसन बताते हुए नियमित रूप से योग करने की सलाह दी थी। लेकिन ड्यूटी नहीं काटी थी।
शुक्रवार को पालिकाकर्मी फिर से सीडीओ के पास ड्यूटी कटवाने पहुंचा। जिस पर सीडीओ ने कर्मचारी से पूछा कि योग करने से राहत मिली या नहीं। जिस पर कर्मी ने नियमित रूप से योग करने से कमर और पैर दर्द से कुछ आराम मिलने की बात कही। जिस पर सीडीओ ने कर्मचारी से अपने कार्यालय में ही योग कराया। सीडीओ ने कर्मचारी को योग के कई आसन बताए और लगातार योग करने और दर्द की समस्या ठीक होने पर ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया।
पहले भी कर्मी ने आकर दर्द की बात कहते हुए डयूटी कटवाने की मांग की थी। जब कर्मी को दर्द बहुत था। उस दिन भी योग के तहत कई आसन बताए थे। अब कर्मी दर्द कम होने की बात कह रहा था। इस पर और आसन करते हुए ठीक होने पर मतदान के दिन डयूटी करने के लिए प्रेरित किया गया। -भरत कुमार मिश्रा मुख्य विकास अधिकारी सम्भल।