बदायूं क्लब मैदान में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में सपा-बसपा और कांग्रेस पर सियासी वार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बदायूं पहुंचे। उन्होंने बदायूं क्लब मैदान में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने सपा पर तीखे शब्दबाण छोड़े तो कांग्रेस पर भी निशाना साधा। सपा और कांग्रेस के गठबंधन को स्वार्थ का परिवार बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार दोपहर ढाई बजे बदायूं क्लब मैदान में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में सपा-बसपा और कांग्रेस पर सियासी वार किए। सपा पर शब्द बाण चलाते हुए उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि सपा प्रत्याशी बदायूं के मैदान को छोड़कर भाग रहे हैं। पहले एक आए थे, जो छोड़कर चले गए। दूसरे भी जाने की तैयारी में हैं।
मुख्यमंत्री ने बदायूं लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार दुर्विजय सिंह शाक्य और आंवला के उम्मीदवार धर्मेंद्र कश्यप के लिए प्रबुद्ध वर्ग से जुटने का आह्वान किया। बदायूं को महर्षि भगीरथ की तपस्थली बताते हुए देश व प्रदेश के विकास के लिए एक बार फिर भाजपा के समर्थन का आह्वान किया। नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाए जाने की जरूरत बताई।
सीएम ने कहा कि यह चुनाव परिवारवादी राजनीतिक दलों और 140 करोड़ जनता को परिवार मान रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परिवार के बीच है। कहा कि आप 2014 पहले के भारत और 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश के बारे में सोचिए तो सब कुछ साफ हो जाएगा। सपा, बसपा कांग्रेस,
ये कर्फ्यू के समर्थक हैं, भाजपा नए उत्तर प्रदेश को बना रही है, जहां कर्फ्यू की जगह कांवड़ यात्रा निकलती है। ये दल पारिवारिक भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं। इसलिए चुनाव फैमिली फर्स्ट बनाम नेशन फर्स्ट के बीच होने जा रहा है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। उन्हें अब आप तीसरा कार्यकाल दीजिए तो भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा।
'यह चुनाव माफियाराज बनाम कानून के राज के बीच'
उन्होंने कहा
कि यह चुनाव माफियाराज बनाम कानून के राज पर भी है। भारतीय जनता पार्टी कानून के राज में विश्वास करती है। चुनाव भ्रष्टाचार बनाम जीरो टॉलरेंस, तुष्टीकरण बनाम संतुष्टीकरण के बीच भी है।
एक तरफ भ्रष्टाचारी और दूसरी तरफ देश के लिए काम करने वाले व भ्रष्टाचारियों के प्रति जीरो टॉलरेंस का काम करने वाली भाजपा होगी। एक तरफ चेहरा देखकर योजनाओं का लाभ बांटने वाले लोग हैं और दूसरी ओर देश की संतुष्टि का आधार रखने वाले मोदी हैं।
भाजपा सबका साथ-सबका विकास करती है, लेकिन इससे पहले चेहरा देखकर योजनाओं का लाभ दिया जाता था। मोदी की गारंटी आपने देखी होगी जब 80 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव के राशन मिला।
चार करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास मिले। 12 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड से पांच लाख तक इलाज की गारंटी मिली। मुख्यमंत्री ने सपा व कांग्रेस को स्वार्थी लोगों का परिवार बताया।
योगी बोले- 2014 से पहले नहीं था विश्व में देश का सम्मान
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर मतदाता को जोड़ा। बोले, भारत का 2014 से पहले कोई सम्मान नहीं रह गया था। देश के अंदर सीमाएं सुरक्षित नहीं रह गई थी। कहीं उग्रवाद, नक्सलवाद, आतंकवाद था।
देश के अंदर भयानक वातावरण बनाया गया था। परिवारवाद के नाम पर देश के अंदर लूट खसोट करने की पूरी छूट दी गई थी। यह लोग अराजकता फैल रहे थे, गुंडागर्दी फैला रहे थे। देश के अंदर राजनीति को अपनी बपौती समझते थे
और भारत की भावनाओं के साथ में खिलवाड़ कर रहे थे। गरीबों के हक पर डकैती डाली जा रही थी। उपद्रवियों को आसरा दिया जाता था।
पहले रामजन्मभूमि की बात करने पर पड़ती थी लाठी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राममंदिर,
धारा 370 के मुद्दे भी छेड़े। वह बोले: मोदी से पहले जब इस देश के अंदर जब कोई आस्थावान राम जन्म भूमि के बारे कहता था। तो लाठी डंडों से प्रहार करके उनके मुंह और आवाज को बंद करने का काम होता था। मोदी आए तो राम मदिर बना। धारा 370 भी हटी। पिछले 10 सालों में दुनिया के अंदर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सम्मान बढ़ा है। अयोध्या में देश और दुनिया लोग अब आना चाहते हैं।
मंच पर माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी, बिल्सी के विधायक हरीश शाक्य, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, बदायूं लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य, सांसद संघमित्रा मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव आदि जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रबुद्ध सम्मेलन में डॉक्टर,