कंपार्टमेंट इंप्रूवमेंट औरपरीक्षा के लिए 31 तक करें आवेदन ।
चंदौसी (संभल)। यूपी बोर्ड की इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने के लिए 31 मई तक आवेदन होंगे। इच्छुक परीक्षार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसके लिए उन्हें 256.50 रुपये चालान के जरिये जमा करने होंगे। इंटरमीडिएट के लिए 306 रुपये शुल्क तय किया गया है।
यूपी बोर्ड का परिणाम इस बार 20 अप्रैल को जारी कर दिया गया था। इस बार हाईस्कूल में 3194 और इंटर में 3058 छात्र छात्राएं अनुत्तीर्ण हुए हैं।
ये परीक्षार्थी 31 मई तक इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। जिला विद्यालय निरीक्षक वेदराम ने बताया कि इंप्रूवमेंट के अंतर्गत हाईस्कूल के परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुए एक विषय में आवेदन कर सकते हैं।
कंपार्टमेंट के अंतर्गत परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हुए दो विषयों में एक विषय की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए उन्हें 256.50 रुपये शुल्क चालान के रूप में जमा करना होगा।
इंटरमीडिएट परीक्षा में मानविकी, विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग में सम्मिलित परीक्षार्थी किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण होने पर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कृषि भाग एक एवं दो के निर्धारित विषयों में से किसी एक प्रश्न पत्र में या व्यावसायिक वर्ग के ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
इंटरमीडिएट का परीक्षा शुल्क 306 रुपये है। उन्होंने बताया कि परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करना होगा। साथ ही आवेदन की प्रति वेबसाइट से डाउनलोड करके बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में डाक के माध्यम से जमा करवानी होगी।