जनपद सम्भल में गुन्नौर थाना प्रभारी समेत 39 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर हुए।
जनपद सम्भल में एसपी ने जिले में बड़ा फेरबदल करते हुए गुन्नौर थाना प्रभारी संजीव कुमार बालियान, छह चौकी प्रभारी, 13 दरोगा और 25 कांस्टेबल को लाइनहाजिर कर दिया है। माना जा रहा है कि एसपी ने लापरवाही सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों कार्रवाई की है।
गुन्नौर थाना प्रभारी के लाइन हाजिर होने को लेकर चर्चा है कि गांव भोजराजपुर में हुई महिला की हत्या में गाज गिरी है। वहीं चौकी प्रभारियों की कार्यशैली संतोषजनक नहीं होने के चलते कार्रवाई किए जाने की चर्चा हो रही है।
चौधरी सराय पुलिस चौकी के प्रभारी पर राजनीतिक दलों ने भी कई बार पक्षपात पूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया। दूसरी ओर चौकी के नजदीक ही अवैध कार स्टैंड संचालित
होता रहा और कार्रवाई सोमवार को तब हुई जब अधिकारियों ने निर्देश किए। चर्चा है कि इन्हीं दो कारण के चलते चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है।
इसी तरह की लापरवाही के चलते अन्य चौकी प्रभारी व थानों में तैनात दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं दूसरी ओर मुख्य आरक्षी और आरक्षी शिकायतों के आधार पर लाइन हाजिर किए गए हैं।