रंजिश के चलते दबंगों ने वेल्डिंग मिस्त्री की पीटकर कर दी हत्या
रामपुर। दबंगों ने रंजिश के चलते दुकान पर बैठे वेल्डिंग मिस्त्री को मारपीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसकी उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही मृत्यु हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मृतक के चाचा तस्लीम की ओर से पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
जनपद के स्वार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पठानों वाला मझरा निवासी 17 वर्षीय समद दो वर्ष से नगर के मुहल्ला रसूलपुर में किराये पर रहकर वेल्डिंग की दुकान पर काम करता था।वही मुहल्ले का ही छोटे उसका दोस्त है।
तीन दिन पहले फोन पर वीडियो देखते समय दोनों में आपस में कहासुनी हो गई थी। इस पर छोटे रंजिश रखने लगा। शनिवार की रात नौ बजे मुहल्ला रसूलपुर नई बस्ती में दुकान पर समद अपने चाचा तस्लीम के साथ चाय पी रहा था।
इसी दौरान दुकान पर बैठे छोटे और समद में कहासुनी होने लगी। छोटे के भाई भी आ गए और समद को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को स्वजन ने सीएचसी में भर्ती कराया,
जहां से चिकित्सक ने हालत नाजुक देख रेफर कर दिया। स्वजन घायल को उत्तराखंड के काशीपुर स्थित अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही समद की मृत्यु हो गई। सूचना पर मृतक के स्वजन में चीख-पुकार मच गई।