तेज रफ्तार डंपर ने ई- रिक्शा को मारी टक्कर, हादसे में ई- रिक्शा चालक गम्भीर रूप से हुआ घायल
रामपुर। जनपद के मसवासी क्षेत्र में खनन से लदे डंपर से हादसा हो गया।हादसे को देख नाराज हुए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
जाम खुलवाने गए नायब तहसीलदार को भी लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। उनके साथ भीड़ ने धक्का मुक्की की। उनके कपड़े फाड़ दिए। उन्हें भाग कर जान बचानी पड़ी।
आपको बता दे कि हादसा आज मंगलवार सुबह नौ बजे स्वार कोतवाली की मसवासी चौकी क्षेत्र में हुआ। जैसा कि मसवासी उत्तराखंड की सीमा से लगा हुआ है। इसलिए यहां से रोजाना सकड़ों की संख्या में खनन के डंपर निकलते हैं। इनके कारण आए दिन हादसे भी होते हैं। लेकिन प्रशासन मौन होकर तमाशा देख रहा है आखिर क्यों।
इसी तरह आज एक तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। दुर्घटना में नगर निवासी ई-रिक्शा चालक बिरजू दिवाकर गंभीर रूप से घायल हो गए। डंपर की टक्कर से एक बिजली पोल भी गिर गया।
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने स्वार-काशीपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। लोग सड़क पर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार मानवेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया लोगों ने उल्टा उन्हें ही घेर लिया।
उनके साथ धक्का मुक्की करने लगे जिस कारण उनके कपड़े भी फट गए। लोगों का आक्रोश देख नायब तहसीलदार को वहां से अपनी जान बचाकर भागना पड़ा।