बिना मान्यता के चलती मिलीं तीन स्कूलों में संचालित इंटर की कक्षाएं।
जनपद सम्भल में डीआईओएस को निरीक्षण में रीठ और गांव धर्मपुर रत्ता में संचालित तीन स्कूलों में बिना मान्यता इंटर की कक्षाएं संचालित मिलीं। मान्यता संबंधी दस्तावेज न दिखाने पर डीआईओएस ने तीनों स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर जबाव मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को डीआईओएस वेदराम कौशल ने राजकीय इंटर कॉलेज लहरावन के प्रधानाचार्य सीपी सिंह के साथ बनियाखेड़ा की ग्राम पंचायत रीठ में संचालित एस०एल०एस०एम० पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। जहां कक्षा एक से लेकर इंटर तक की कक्षाएं संचालित थीं। स्कूल में 100 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे थे।
स्कूल संचालक मान्यता संबंधी अभिलेख नहीं दिखा सके। जांच में सामने आया कि स्कूल को कक्षा आठ तक की मान्यता है। कक्षा नौ से 12वीं के विद्यार्थियों को मुरादाबाद के एक निजी इंटर कॉलेज से संबद्ध किया गया है। जो नियम विरूद्ध है। इसके बाद डीआईओएस रीठ में ही संचालित डॉ. धीरेंद्र सिंह स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे।
यहां भी उन्हें 11वीं और 12वीं की कक्षाएं संचालित मिलीं। जबकि स्कूल की मान्यता 10वीं तक है। इसके अलावा गांव धर्मपुर रत्ता में संचालित आरसीएस पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ तक की मान्यता के बावजूद 12वीं तक की कक्षाएं संचालित मिलीं।
डीआईओएस ने बताया कि बिना मान्यता समेत आठवीं व दसवीं की मान्यता के बावजूद इंटर तक की कक्षाओं का संचालन करने के आरोप में स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्कूलों के भवन जर्जर, पंखों की नहीं व्यवस्था
रीठ में संचालित एस०एल० एस० एम० पब्लिक स्कूल का भवन जर्जर है। स्कूल में पंखों की व्यवस्था न होने की वजह से बच्चे गर्मी में बैठकर पढ़ाई करते मिले।
वहीं डॉ. धीरेंद्र सिंह स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी पंखे नहीं मिले। जिस पर डीआईओएस ने नाराजगी जताते हुए स्कूल संचालकों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की जानकारी मिलने पर बदल दी गईं विद्यार्थियों की किताबें