तीन हज़ार रुपए लेकर भी नहीं बदला ट्रांसफॉर्मर : शंखधार
मिलक। भारतीय किसान संघ रामपुर के पूर्व जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने ग्रामीणों के साथ तहसील मिलक पहुंचकर बिजली विभाग की समस्या से सम्बन्धित उपजिलाधिकारी मिलक को सम्बोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार अंकित अवस्थी को सौंप कर अवगत कराया है
कि ग्राम लोहापट्टी भोलानाथ जो कि धमोरा बिजली घर के अंतर्गत आता है। इस गांव में 26 जुलाई, दिन शुक्रवार से ट्रांसफॉर्मर ख़राब है जिसकी शिक़ायत अवर अभियंता धमोरा से की गई है लेकिन उनके द्वारा ग्रामीणों की बात को अनसुना कर दिया गया है। और ग्राम लोहापट्टी भोलानाथ निवासी राजवीर मौर्य जो कि बिजली विभाग में बिल जमा करने का कार्य करते हैं
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि अगर आप लोग तीन हज़ार रुपए दे देंगे तो ट्रांसफॉर्मर बदल सकता है अन्यथा ऐसे हो पड़ा रहेगा। ग्रामीणों ने आपस में एक सौ रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से कुल तीन हज़ार रुपए एकत्र करके राजवीर मौर्य निवासी लोहापट्टी भोलानाथ बिजली विभाग के कर्मचारी को दे दिए हैं। उसके बाद भी गांव में बिजली आपूर्ति प्रारम्भ नहीं कराई गई है।
जिससे ग्रामीण अत्याधिक गर्मी के कारण बहुत परेशान एवं दुःखी हैं। उक्त के सम्बन्ध में कल 30 जुलाई मंगलवार की सांय 05 बजे के लगभग एक पत्र उप खण्ड अधिकारी बिजली विभाग दुर्गनगला के मोबाइल नंबर पर तथा ट्विटर के माध्यम से भेजा गया है लेकिन उसके बाद भी कोई समाधान नहीं कराया जा रहा है।
जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि बिजली की समस्या का समाधान अति शीघ्र होना चाहिए लेकिन धमोरा बिजली घर के अवर अभियंता उक्त समस्या का समाधान नहीं कराना चाहते हैं। वह किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं।
आदेश शंखधार ने कहा है कि उक्त समस्या का समाधान 31 जुलाई की रात्रि 10 बजे तक किसी भी दशा में कराए जाने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया जाए अन्यथा की स्थिति में कल दिनांक 01 अगस्त दिन गुरुवार से बेमियादी धरना प्रदर्शन प्रारम्भ किया जाएगा।