फंदे पर लटका मिला रजनी का शव मौत, मायके वालों ने हत्या का आरोप
बिल्सी (बदायूं)। गांव परौली में शुक्रवार शाम 28 वर्षीय रजनी का शव फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
रामपुर के शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव टांडा निवासी अमन का कहना है कि उनकी बहन रजनी की शादी करीब पांच साल पहले परौली निवासी सुरेंद्र के साथ हुई थी। उसका एक ढाई साल का बेटा है। शादी के बाद से सुरेंद्र उसकी बहन को परेशान कर रहा था। वह और दहेज की मांग करता था।
अमन ने बताया कि उसका परिवार हरियाणा में काम करता है। शुक्रवार शाम उन्हें बताया गया था कि रजनी बाथरूम में गिर गई है, जिससे उसको चोटें आई हैं।
बाद में बताया कि रजनी की छत से गिरकर मौत हो गई है। परिवार वाले आनन-फानन में परौली गांव आ गए। वह शुक्रवार रात मौके पर पहुंचे थे। तब तक थाना पुलिस भी आ गई और मामले की छानबीन कर रही थी। जब वह यहां आए तो ससुराल वालों ने बताया कि रजनी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। उसके गले पर लाल निशान मिले हैं।