जनपद में नौ केंद्रों पर 66 हजार परीक्षार्थी देंगे सिपाही भर्ती की परीक्षाl
संभल। उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा जिले के 9 केंद्रों पर आयोजित होगी। इसके लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। शनिवार को डीएम डॉ. राजेंद्र पैन्सिया व एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
DM ने बताया कि सिपाही भर्ती परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त 2024 को में आयोजित होगी। इसमें प्रथम पाली सुबह 10 बजे से और द्वितीय पाली दोपहर तीन बजे से होगी। परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता से सम्पन्न कराए जाने के लिए व्यवस्थाएं दुरूस्त कराई जा रही हैं। सीसीटीवी कैमरों को दुरूस्त कराने के लिए निर्देश दिए हैं।
वहीं दूसरी ओर परीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का भी आयोजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए नौ केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 10 पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। एक दिन में 6604 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
सभी 10 पालियों में करीब 66000 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। एमजीएम कॉलेज में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाया जाना है। जिसकी निगरानी बहजोई पुलिस लाइन में बनने वाले सीसीटीवी मास्टर कंट्रोल रूम से की जाएगी।
यह बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
आचार्य मुक्तेश्वर हकीम रईस सरस्वती इंटर कॉलेज, बीआरएस, हिंद इंटर कॉलेज, जेएलएम, एमजीएम, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय डिग्री कॉलेज हयातनगर, शंकर भूषण इंटर कॉलेज एवं जेड यू इंटर कॉलेज सरायतरीनl