रक्षाबंधन को लेकर बाजार हुए गुलजार, कल बसों में रहेगी भारी भीड़
रामपुर रोडवेज डिपो में बरेली और दिल्ली रूट के लिए फेरे बढ़ाए गए हैं। जबकि चालकों की अतिरिक्त डयूटी भी शुरू हो गई। पहले दिन सामान्य दिनों की अपेक्षा मुसाफिरों की संख्या में इजाफा रहा है। रोडवेज प्रशासन का कहना है कि यदि सवारियां बढ़ती हैं तो अतिरिक्त बसें भी चलाईं जाएंगी।
सुबह करीब सात बजे मुसाफिरों की भीड़ कुछ कम थी, लेकिन दोपहर 12 बजे तक खासी भीड़ हो गई। इस दौरान सबसे अधिक सवारियां बरेली और दिल्ली रूट की रहीं। जहां पर चालकों ने अतिरिक्त फेरे लगाए। 17 अगस्त से 22 अगस्त तक बसों के फेरे ज्यादा रहेंगे।
रक्षाबंधन को देखते हुए अभी फेरे बढ़ाए गए हैं। भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त बसें भी चलाईं जाएंगी। रविवार को भीड़ काफी अधिक रहेगी। ऐसे में सुबह से लेकर रात तक चालकों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।
सोमवार को रक्षाबंधन का त्योहार निपटने के बाद मंगलवार को फिर मुसाफिरों की भीड़ अधिक रहेगी। एआरएम दीपचंद्र जैन ने बताया कि रविवार से रोडवेज पर भीड़ बढ़ेगी। इसके लिए सारे इंतजाम कर लिए हैं। जिस रूट की भीड़ अधिक होगी, वहां पर अतिरिक्त बसें चलाईं जाएंगी