डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा एक की हुई मौके पर मौत दूसरा गंभीर रूप से हुआ है
रामपुर। मेले में लगने वाली खिलौनों की दुकान के लिए खिलौने लेने जा रहे दो दोस्तों की बाइक दढ़ियाल-काशीपुर मार्ग पर एक डंपर को ओवरटेक करने के फेर में हादसे का शिकार हो गई। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि उसका साथी रेहान गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे मे कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घायल युवक को सीएचसी टांडा में भर्ती कराया है।
जनपद के कस्बा दढ़ियाल के मोहल्ला हबीब नगर निवासी निसार अली का पुत्र दिलदार अली (21) अपने साथी रेहान अली पुत्र यासीन अली के साथ मेले में लगने वाली दुकान के खिलौनों का सामान लेने के लिए आज बुद्धवार सुबह दस बजे उत्तराखंड के काशीपुर जा रहा था।
जैसे ही दोनों बाइक सवार दोस्त दढ़ियाल-काशीपुर मार्ग पर गांव अकबराबाद के पास पहुंचे तब एक डंपर को ओवरटेक करने लगे। डंपर को ओवरटेक करने के दौरान चपेट में आने से निसार अली के बेटे दिलदार अली की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। ऊधर डंपर चालक मौका पाकर डंपर लेकर घटना स्थल से फरार होने में कामयाब हो गया। उसका साथी रेहान गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
घायल युवक रेहान अली को सीएचसी टांडा में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी ओर, सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया।
जवान बेटे की मौत पर परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से वाहन की तलाश में जुटी हुई है। बताया जाता है कि मृतक दिलदार अली नगर पंचायत कार्यालय में गोदाम पर रात की ड्यूटी करता था।