शहर में निकाली गई शिव बरात, जगह-जगह हुआ स्वागत
नेशनल 24 लाइव न्यूज़ जनपद।बदायूं। गांधी मैदान में चल रहे रामलीला महोत्सव में बुधवार को शहर में शिव बरात धूमधाम से निकाली गई। कई जगहों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा गांधी मैदान में पहुंचकर समाप्त हुई।
रात में नारद मोह की लीला का मंचन किया गया।बुधवार शाम को बिरुआबाड़ी मंदिर से शिव-विवाह शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के पथिक चौक, मढ़ई चौक, शास्त्री चौक, बड़ा बाजार, गोपी चौक, परशुराम चौक होती हुई गांधी मैदान पर पहुंची।
शिव बरात में सबसे आगे मां काली का अखाड़ा चल रहा था। साथ ही अन्य देवी-देवता के स्वरूपों की झांकियां, भूत-पिशाच और यमराज के स्वरूप चल रहे थे।
झांकियों में ब्रह्मा, विष्णु सहित कई देवी-देवताओं के स्वरूप अपने-अपने वाहनों पर सवार होकर शिव बरात में शामिल हुए। शोभायात्रा का जगह-जगह पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
कई जगहों पर बरात के स्वागत के लिए लोगों ने स्टाल लगाए। वहीं, गांधी मैदान में चल रही रामलीला के साथ-साथ दूर-दराज से दुकानदारों का पहुंचना शुरू हो गया है। कई दुकानें भी अब सज चुकी हैं।