यूपी के इस जिले में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट, आठवीं तक के स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश
कड़ाके की सर्दी, शीतलहर और कोहरे के बीच मंगलवार सुबह दृश्यता शून्य रही। लिहाजा, लैंडिंग सिग्नल न मिलने से बंगलूरू की फ्लाइट निरस्त रही। ट्रेनों की रफ्तार भी प्रभावित रही। बरेली होकर गुजरने वाली अप-डाउन लाइन की 22 से ज्यादा ट्रेनों ने यात्रियों को घंटों इंतजार कराया।
बरेली में दो दिन धूप के बाद मौसम फिर बदल गया है। घने कोहरे और बादल मंडराने की वजह से मंगलवार को अधिकतम तापमान पांच डिग्री लुढ़कर सामान्य से तीन डिग्री कम 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बुधवार व गुरुवार को भी कोहरे का ऑरेंज अलर्ट अलर्ट जारी किया है। कोहरे और सर्दी के चलते कक्षा एक से आठवीं तक के सभी बोर्डों के स्कूलों में बुधवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। डीएम रविंद्र कुमार ने रात नौ बजे छुट्टी का आदेश जारी किया।
मंगलवार सुबह बादल छाए रहे और घना कोहरा रहा। दोपहर डेढ़ बजे हल्की धूप निकली, पर सर्द हवा ठिठुरन का एहसास कराती रही। शाम पांच बजे से फिर कोहरा छाने लगा और सर्द हवा लोगों को कंपकंपाने लगी। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रात नौ बजे कोहरा इतना घना हो गया कि दृश्यता शून्य हो गई।
स्कूल, मदरसों में ठंड के चलते अवकाश