मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने अशरफी शादी हॉल क्या सील,दीवान का बाजार में अवैध रूप से हो रहा था संचालन परेशान हो कर पड़ोसियों ने की थी शिकायतें
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने शहर के दीवान का बाजार इलाके में स्थित अशरफी शादी बैंकेट हॉल को सील कर दिया है। मोतीबाग दीवान का बाजार में यह मैरिज हॉल पिछले कई सालों से अवैध रूप से संचालित हो रहा था। घनी आबादी वाले एरिया में इस मैरिज हॉल में देर रात तक होने वाली पार्टियों से लोग परेशान थे।
एमडीए की सेक्रेटरी पारुल तरार के आदेश पर बुधवार को मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में इस बैंकेट हॉल को सील कर दिया। जहीर आलम पुत्र अब्दुल गफ्फार द्वारा यह मैरिज हॉल संचालित किया जा रहा था।
एमडीए प्रशासन का कहना है कि जहीर आलम पुत्र अब्दुल गफ्फार द्वारा मोतीबाग दीवान का बाजार में 2500 वर्ग मीटर के भूखंड में से करीब 800 वर्ग मीटर के हिस्से में टीन शेड डालकर मैरिज हॉल का संचालन किया जा रहा था।
प्राधिकरण ने जब अशरफी शादी हॉल के संचालकों से एनओसी और मानचित्र देने को कहा तो वो नहीं दिखा सके। प्राधिकरण ने 16 नवंबर 2022 को इस शादी हॉल को बंद करने के लिए संचालकों को नोटिस दिया था।
लेकिन इसके बाद भी यहां शादी हॉल चलता रहा। इसके बाद एमडीए की सेक्रेटरी पारुल तरार ने इस मैरिज हॉल को सील करने के आदेश दिए। जिसके बाद प्राधिकरण के सचल दस्ते ने पुलिस टीम के साथ मिलकर अशरफी शादी हॉल को बुधवार को सील कर दिया।