जिला मुख्यालय शिफ्ट करने पर संशय, फैसला जल्द
(जनपद सम्भल)
जिला मुख्यालय बहजोई से संभल स्थानांतरित होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। संभल को ही केंद्र बिंदु माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि जल्द ही शासन स्तर से संशोधन की सूचना जारी हो सकती है। डीएम का कहना है कि हाईलेवल कमेटी अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। इसके बाद जिले पर जानकारी सामने आ सकेगी।
17 फरवरी को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय हाईलेवल कमेटी संभल पहुंची थी। इस कमेटी ने हयातनगर थाना क्षेत्र के कमालपुर सराय और संभल कोतवाली क्षेत्र के लाडम सराय में कई सरकारी और निजी जमीनों का निरीक्षण किया था। इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही शासन स्तर से निर्णय किया जाना है,सूत्रों का कहना है
कि एक सप्ताह के अंदर जिला मुख्यालय पर निर्णय हो सकता है। अभी तक चर्चा है कि एसपी कार्यालय के लिए जमीन देखी जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि किसी अधिकारी द्वारा नहीं की जा रही है। मालूम हो 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान बवाल हो गया था। जिसमें पांच लोगों की जान चली गई थी। 29 पुलिसकर्मी चोटिल हुए थे।
तीन स्थानों पर पत्थरबाजी, फायरिंग और आगजनी की घटनाएं हुई थीं। इस बवाल के बाद ही प्रशासन ने चिंता जताते हुए रिपोर्ट शासन को भेजी थी। इसके बाद से शासन ने मामले को गंभीरता से लिया और हाईलेवल कमेटी का गठन कर स्थिति का जायजा लेने के लिए भेजा।
इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही मुख्यालय के लिए स्थान तय होना है। चर्चा है कि लाडम सराय और कमालपुर सराय में ही जिला मुख्यालय और एसपी कार्यालय बनाने पर निर्णय हो सकता है। फिलहाल अभी जिला मुख्यालय स्थानांतरित कराने पर संशय बना हुआ है।