बहजोई महाविद्यालय, बहजोई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवे दिन का सफल आयोजन
बहजोई महाविद्यालय, बहजोई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवे दिन का सफल आयोजन जन कल्याण योग आश्रम हंस नगर बहजोई देहात जनपद सम्भल में किया गया। आज के शिविर का मुख्य मुख्य विषय महिला सशक्तिकरण का राष्ट्रीय विकास में योगदान रहा। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में स्वयंसेवियों ने श्रमदान के अंतर्गत आश्रम की उद्यान वाटिका की सफाई की और उसके बाद गांव में जाकर महिलाओं को सशक्तिकरण की जानकारी दी। राधा रानी टोली की स्वयंसेविकाओं तमन्ना, पुष्पा और नीलम ने रंगोली सजाई, जबकि मदर टेरेसा टोली ने स्वयंसेवियों के लिए भोजन तैयार किया।
द्वितीय सत्र में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया | गोष्ठी में मुख्य अतिथि यातायात विभाग के हेड कांस्टेबल सोनू कुमार अहलावत एवं हेड कांस्टेबल विशान्त कुमार चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मदर टेरेसा टोली की अंजली शर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, वहीं मीरा बाई टोली की प्रिया राठौर और काजल ने स्वागत गीत गाकर अतिथियों का अभिनंदन किया। यातायात निरीक्षक सोनू कुमार अहलावत ने स्वयंसेवियों को यातायात नियमों की जानकारी दी और हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग की अनिवार्यता पर बल दिया। इसी क्रम में विशान्त कुमार चौधरी ने स्वयंसेवियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। महाविद्यालय के कार्यालय अधीक्षक भगवान सिंह चौहान ने कहा, महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की कुंजी है। जब महिलाएँ सशक्त होंगी, तभी परिवार, समाज और देश प्रगति करेगा। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गीता ने महिला सशक्तिकरण के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक या शैक्षिक सशक्तिकरण तक सीमित नहीं है,
बल्कि सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करना आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवी नीतू ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ के संजय कुमार, दीप्ति वार्ष्णेय, गीता रानी, रामतीरथ, श्रीनिवास सिंह यादव, डॉ. बलवीर सिंह, भगवान सिंह चौहान, प्रीति शर्मा, पूजा शर्मा, तृप्ति आर्य, नेमपाल सिंह यादव आदि उपस्थित रहे।