विजयदशमी उत्सव पर हुआ शस्त्र पूजन व पथ संचलनबहजोई: सोमवार को बहजोई खंड के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा ग्राम मझोला में विजयदशमी उत्सव बड़े ही उत्साह एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं शस्त्र पूजन से हुई। इसके उपरांत संघगीत व व्याख्यान प्रस्तुत किए गए
, जिन्होंने वातावरण को राष्ट्रभक्ति और अनुशासन की भावना से ओतप्रोत कर दिया। तत्पश्चात ग्राम की मुख्य गलियों से होते हुए अनुशासित पथ संचलन निकाला गया। मुख्य वक्ता सुशील कुमार, क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य, आरएसएस ने अपने संबोधन में कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें अन्याय पर न्याय और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है।
यह दिवस केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सामाजिक व राष्ट्रीय दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। संघ इसी प्रेरणा से समाज को संगठित कर राष्ट्र को परम वैभव तक पहुँचाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बुद्धसैन पासी ने की।
इस अवसर पर अमृत वचन एवं एकल गीत की प्रस्तुति भी हुई, जिसने सभा में उपस्थित स्वयंसेवकों और ग्रामवासियों के हृदयों को भावविभोर कर दिया।