व्यवस्थित जीवन ही सफल करियर की नींव : सम्भव जैन
पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय पाठकपुर में करियर गाइडेंस मेले का आयोजन, बच्चों में जागी नई दिशा और ऊर्जा की भावना
बहजोई: ग्राम पाठकपुर स्थित पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 8) में गुरुवार को करियर गाइडेंस मेला उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को जीवन की दिशा और उद्देश्य समझाने के लिए विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अतिथियों ने बच्चों को अपने भविष्य के प्रति प्रेरित करने वाले विचार साझा किए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बीएमबीएल जैन कॉलेज के निदेशक सम्भव जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “व्यवस्थित जीवन ही सफल करियर की नींव है।”
उन्होंने कहा कि जब स्वयं का जीवन और दिनचर्या अनुशासित होगी, तभी करियर सुव्यवस्थित और लक्ष्य की ओर अग्रसर होगा। हर बच्चा अपनी मेहनत, विश्वास और आत्मनियंत्रण से वह सब कुछ पा सकता है, जो वह सोचता है। सफलता किसी शॉर्टकट से नहीं, बल्कि निरंतर सीखने, मेहनत करने और गिरकर भी उठने की हिम्मत से मिलती है।
उन्होंने प्रेरक कहानी के माध्यम से यह संदेश दिया कि हर छोटा कदम, यदि सही दिशा में उठाया जाए, तो बड़ी मंज़िल तक अवश्य पहुँचाता है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता नकुल प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए, तभी वे सच्चे अर्थों में समाज के निर्माता बन सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जीवन में सफलता के लिए समय का प्रबंधन, ईमानदारी और सकारात्मक सोच सबसे बड़ी पूँजी है। अनुशासित दिनचर्या और निरंतर प्रयास से हर विद्यार्थी अपनी मंज़िल तक पहुँच सकता है। बीएमबीएल जैन कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर प्रेरित किया और कहा कि ज्ञान ही वह दीपक है जो जीवन की अंधकारमय राहों को उजाले में बदल देता है।
साथ ही एआरपी खुश्बू रानी एवं हिना तबस्सुम ने भी अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति और निरंतर सीखते रहने के महत्व से अवगत कराया। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियाँ दीं तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक विनोद कुमार एवं शिक्षकगण भानुप्रकाश, राजू सिंह, यामिनी पांडेय, ममतेश, सुभाष चन्द्र, कंचन शर्मा, प्रियंका शर्मा, रश्मि राघव आदि की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन छाया अग्रवाल ने किया।