रामपुर। यातायात माह नवम्बर 2025 के दृष्टिगत आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विधा सागर मिश्र के आदेशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के निर्देशन में जनपद में यातायात सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों एवं यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान एक प्रेरणादायक एवं सुखद दृश्य उस समय देखने को मिला जब क्षेत्राधिकारी स्वार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान गन्ना लदी ट्रैक्टर–ट्रॉली के पीछे रिफ्लेक्टर युक्त लाल कपड़ा सलीके से लगा दिखाई दिया।
लाल कपड़े पर क्रॉस आकार में सिला गया रिफ्लेक्टर दूर से ही स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर हो रहा था, जो विशेषकर कोहरे एवं रात्रि के समय दुर्घटना की संभावनाओं को कम करने में अत्यंत सहायक है। दिन के समय भी ट्रैक्टर–ट्रॉली को इस प्रकार सुरक्षित तरीके से ले जाना एक सराहनीय एवं जागरूकता का प्रतीकात्मक उदाहरण रहा।
क्षेत्राधिकारी स्वार द्वारा रुक कर उक्त जागरूक एवं जिम्मेदार चालक से वार्ता की गई। चालक ने बताया कि यह सकारात्मक बदलाव पुलिस विभाग एवं समाचार पत्रों द्वारा लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों का ही परिणाम है।
अभियान की प्रभावशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी स्वार द्वारा उस प्रगतिशील एवं जागरूक चालक को सम्मानित किया गया।