गौशालाओं की बदहाली और बंगलादेश में हिन्दुओं पर अत्याचार के खिलाफ हुंकार भरेगा विश्व हिंदू महासंघ
*बगरैन :-* विश्व हिंदू महासंघ के तत्वाधान में जनपद बदायूं में गौ सेवा और राष्ट्रवाद की आवाज बुलंद करने के लिए एक व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। सोमवार को विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रिंस देव शर्मा ने स्थानीय खुफिया अधिकारी (एलआईओ) बदायूं को लिखित पत्र
सौंपकर आगामी विरोध प्रदर्शनों और कार्यक्रमों की विधिवत सूचना दी। जिला अध्यक्ष प्रिंस देव शर्मा ने बताया कि जनपद की गौशालाओं में फैली अवस्थाओं, चारे की कमी और गौवंश की दुर्दशा को लेकर संगठन बेहद गंभीर है, साथ ही पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे बर्बर अत्याचारों के विरुद्ध भी आक्रोश व्यक्त किया जाएगा।
24, 26 और 27 दिसंबर इन तीन दिनों के दौरान विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ता जिलाधिकारी बदायूं एवं जनपद के सभी तहसीलों के उप जिला अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से गौशालाओं की स्थिति में तत्काल सुधार लाने और केंद्र सरकार के माध्यम से बांग्लादेशी हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
अभियान के अंतिम चरण में 28 दिसंबर दिन रविवार को बदायूं के प्रसिद्ध परशुराम चौक पर एक विरोध प्रदर्शन कर सांय 3 बजे हिंदुओं के उत्पीड़न के विरोध में बंगलादेश का पुतला दहन किया जाएगा। महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रिंस देव शर्मा ने कहा कि गौ सेवा और हिंदू हितों की रक्षा के लिए संगठन का हर कार्यकर्ता समर्पित है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भारी संख्या में उपस्थित होकर इस अभियान को सफल बनाएं। प्रशासन को दी गई सूचना के बाद खुफिया अधिकारी (एलआईओ) और पुलिस महकमा भी सतर्क हो गया है।