बगरैन :- कस्बा बगरैन में पिछले सात दिनों से चल रहे श्रीमद् बिष्णु महायज्ञ का शनिवार को पूर्ण आहुति और विशाल भंडारे के साथ भव्य समापन हो गया। भक्ति और अध्यात्म के इस समागम में पूरे कस्बे सहित आसपास के दर्जनों गांवों के श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा क्षेत्र ओम नमो भगवते वासुदेवाय के जयघोष से गुंजायमान रहा। शनिवार सुबह यज्ञशाला में विद्वान आचार्यों के सानिध्य में वेद मंत्रों के साथ यज्ञ की पूर्ण आहुति डाली गई। मुख्य यजमानों सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।सात दिनों तक चले इस महायज्ञ में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और कथा प्रवचनों का आयोजन किया गया, जिसने श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। महायज्ञ की समाप्ति के उपरांत दोपहर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
भंडारे का शुभारंभ कन्या पूजन और संतों को भोजन कराकर किया गया। भंडारे में पूड़ी, सब्जी बूंदी और विशेष पकवानों का प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया गया। कस्बे के मुख्य मार्गों से लेकर यह स्थल तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हजारों की संख्या में नर नारियों और बच्चों ने पंक्तिबद्ध होकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया,
भंडारे में कस्बे के युवाओं और कमेटी के सदस्यों ने बढ़ चढ़कर अपनी सेवाएं दी। व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वालंटियर मुस्तैद रहे।सात दिवसीय इस बिष्णु महायज्ञ ने कस्बे के वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।देर शाम तक चले इस भंडारे के साथ ही सात दिवसीय धार्मिक उत्सव का समापन हुआ, इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।