नेशनल 24
अमित कुमार जोशी
मिलक।भारतीय किसान संघ जनपद रामपुर (मेरठ प्रांत) ने किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट रामपुर में शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बिजनौर में अंडरपास को लेकर 9 माह से आंदोलन
संगठन के अनुसार बिजनौर जिले में निर्माणाधीन मेरठ–पौड़ी हाईवे पर बैराज के पास हेमराज कॉलोनी चौराहे पर ग्रामीण पिछले 9 महीने से अंडरपास की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। आरोप है कि आश्वासन के बावजूद
एनएचएआई व जिला प्रशासन ने कुछ राजनीतिक व भू-माफिया तत्वों के दबाव में धरना हटवाया और ग्रामीणों को रातभर नजरबंद रखा गया।
किसानों पर दर्ज मुकदमों को निंदनीय बताते हुए संगठन ने दोषी अधिकारियों को हटाने और सभी मुकदमे वापस लेने की मांग की है।
मतबाली में नाला पाटने से फसलें बर्बाद
रामपुर के शाहाबाद खंड के ग्राम मतबाली में कच्चे नाले को दबंगों द्वारा पाटने का आरोप लगाया गया है। इससे गंदा पानी किसानों के खेतों में भर रहा है और फसलें खराब हो रही हैं। संगठन ने नाला खुलवाकर पक्का निर्माण कराने की मांग की है।
निजी स्कूलों में NCERT कोर्स लागू करने की मांग
संगठन ने जनपद के सभी निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी कोर्स लागू करने की मांग की है, ताकि कमजोर वर्ग के अभिभावकों को आर्थिक राहत मिल सके।
किसान क्रेडिट कार्ड पर ब्याज दरों में गड़बड़ी का आरोप
किसान क्रेडिट कार्ड पर 5 लाख रुपये तक कम ब्याज पर ऋण की सरकारी घोषणा के बावजूद बैंकों द्वारा केवल 3 लाख तक ही रियायती ब्याज देने का आरोप लगाया गया है। संगठन ने इसे किसानों को गुमराह करने वाला मामला बताते हुए जांच की मांग की है।
मंदिर भूमि पर कब्जे का मामला
मिलक क्षेत्र के ग्राम मदा नगला में मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए बताया गया कि ग्रामीण न्यायालय से मुकदमा जीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कब्जा नहीं हटाया गया। कर्मचारियों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया गया है।
गौवंश से फसल नुकसान पर प्रशासन मौन
जनपद में आवारा गौवंश द्वारा फसलों को लगातार नुकसान पहुंचाने का मुद्दा भी उठाया गया है। संगठन ने संबंधित अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
आंदोलन की चेतावनी
जिला अध्यक्ष वीरेश शर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन में कहा है कि यदि उपरोक्त सभी मांगों पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया तो जनपद रामपुर में व्यापक किसान आंदोलन किया जाएगा।
“कृषिमित् कृषस्वः — खेती ही करो” के उद्घोष के साथ संगठन ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि किसानों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।