बस्ती - होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु दिनांक 02.03.2026 को अपराह्न 1:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, दुबौलिया का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं, कार्मिकों की उपस्थिति तथा आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।
एमओआईसी द्वारा जारी रोस्टर (दिनांक 28.02.2026) के अनुसार निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने वाले कार्मिकों में डॉ. सुशील कुमार (एमओआईसी), मुख्य फार्मासिस्ट राजेश गुप्ता, लैब टेक्नीशियन रवि प्रकाश, नेत्र परीक्षक मोहम्मद शफीक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उमेश
कुमार शामिल थे। निरीक्षण के समय एमओआईसी एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। ड्यूटी परिवर्तन के उपरांत जारी नवीन रोस्टर के परीक्षण में डॉ. राकेश शुक्ला, एलटी विजय बहादुर एवं एसटीएलएस अशरफ अली भी अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के लगभग 45 मिनट पश्चात एमओआईसी अस्पताल पहुंचे।
आपातकालीन कक्ष के निरीक्षण में स्वच्छता का अभाव पाया गया तथा आवश्यक उपकरण जैसे लैरिंगोस्कोप एवं सक्शन मशीन निर्धारित स्थान पर उपलब्ध नहीं थे। आपातकालीन रजिस्टर भी निर्धारित प्रारूप में संधारित नहीं किया गया था तथा प्रविष्टियां अव्यवस्थित पाई गईं।
मुख्य फार्मासिस्ट से उपलब्ध एवं अनुपलब्ध दवाओं की सूची प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया, किंतु वे ऑनलाइन पोर्टल से संबंधित विवरण प्रस्तुत करने में असमर्थ रहे और निरीक्षण समाप्ति तक आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके।
उक्त लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया है कि संबंधित अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर दो दिवस के भीतर अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराएं। साथ ही यह स्पष्ट किया जाए कि आपातकालीन ड्यूटी निर्धारित होने के बावजूद संबंधित कार्मिक समय पर उपस्थित क्यों नहीं थे।
बस्ती का स्वाभिमान समाचार पत्र मंडल बस्ती अभिषेक मिश्रा पत्रकार