ड्राइवर को झपकी लगने से अनियंत्रित होकर एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े पोल से टकराई
*एंबुलेंस में सवार मरीज सहित पांच लोग हुए गंभीर रूप से घायल*
रामपुर । मामला जनपद के मिलक कोतवाली क्षेत्र से है जहां रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। चंडीगढ़ से मरीज को लेकर बरेली जा रही एक एंबुलेंस हाइवे किनारे लगे बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
जानकारी के अनुसार बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के बड़ापुरा गांव निवासी कुंवरपाल एक सड़क दुर्घटना में घायल होकर कोमा में चले गए थे। उन्हें 10 फरवरी को चंडीगढ़ स्थित एसपीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद शनिवार रात एंबुलेंस के द्वारा उन्हें चंडीगढ़ से बरेली लाया जा रहा था।
एंबुलेंस में मरीज कुंवरपाल के साथ उनके भाई सुनील और सुरेंद्र भी मौजूद थे। इसके अलावा चंडीगढ़ निवासी गंगा अपने दो छोटे बच्चों के साथ एंबुलेंस में सवार थीं। एंबुलेंस को रवि चला रहा था जबकि गोबी दूसरे चालक के रूप में साथ में था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब सात बजे एंबुलेंस मिलक क्षेत्र में हाइवे पर स्थित भैरों बाबा मंदिर के पास एक निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के निकट पहुंची। इसी दौरान चालक रवि को नींद की झपकी आ गई, जिससे एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लाइट के पोल से टकरा गई और पलट गई।
हादसे के बाद एंबुलेंस में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मिलक थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कराया।
इस दुर्घटना में कुंवरपाल, गंगा पत्नी रितिक निवासी इटगांव, थाना विलसंडा बीसलपुर जिला बरेली, तीन वर्षीय लवी, एंबुलेंस चालक रवि पुत्र रनजीत, निवासी सेक्टर-12 नोएडा तथा गोबी पुत्र रविंद्र सिंह निवासी सेक्टर-23 चंडीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस की मदद से सभी घायलों को मिलक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल सुनील ने आरोप लगाया है कि एंबुलेंस चालक रवि और गोबी नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।