बीएमबीएल जैन सेवा न्यास ने किया प्रतिभागियों को सम्मानित।
छात्रवृत्ति मेधा सम्मान समारोह का आयोजन।
बहजोई: बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल, बहजोई में शनिवार को छात्रवृत्ति मेधा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक संभव जैन, प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता तथा सेवानिवृत्त सैनिक विजयप्रकाश सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय द्वारा आयोजित बीएमबीएल जैन छात्रवृत्ति परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विद्यालय परिसर में बाबू मुकट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक संभव जैन ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर ज्ञान, संस्कार और आत्मविश्वास का विकास करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उसे प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में वही विद्यार्थी आगे बढ़ते हैं जो अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहते हैं। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों और अच्छे संस्कारों से भी समृद्ध किया जाए, जिससे वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसकी मेहनत के साथ-साथ शिक्षक और अभिभावकों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की शिक्षण पद्धति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर आधारित है, जिसमें शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में आधुनिक शिक्षण विधियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का निरंतर प्रयास किया जाता है।
समारोह के दौरान सभी विजयी प्रतिभागियों को उनके अभिभावकों के साथ मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य मेधावृत्त यादव सहित मेधावी आर्य, शेवाली वार्ष्णेय, हिमांशी गुप्ता, मुस्कान शर्मा, शीतल, रुचि वार्ष्णेय, नव्या गुप्ता,
डॉ. मनोज कुमार, नागेश कुमार, अक्षय राठौर, उत्कर्ष सिंह, चंचल सिंह, संजय प्रकाश, अंकित कुमार, नेत्रपाल सिंह, संजय प्रकाश, गोविंदा वार्ष्णेय, अंकित वार्ष्णेय, नीरज वार्ष्णेय, विवेक वार्ष्णेय, आदि उपस्थित रहे।
समारोह का समापन सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।कार्यक्रम का संचालन मेधावी आर्य द्वारा किया गया।