तहसील मिलक क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय युवा क्रांति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नलिन सिंह ने रामपुर के विधायक आकाश सक्सेना को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मिलक रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव, पैसेंजर व मेमू ट्रेनों के विस्तार तथा प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने की मांग की गई।
नलिन सिंह ने कहा कि मिलक रेलवे स्टेशन क्षेत्र का प्रमुख स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं, लेकिन हरिद्वार और नई दिल्ली की दिशा में जाने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने मांग की कि काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस (15127-15128), बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस (14315-14316), जनता एक्सप्रेस (15119-15120) तथा योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस (14229-14230) का मिलक रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय यात्रियों को सीधी यात्रा सुविधा मिल सके।
इसके अलावा मुरादाबाद-बरेली रेलखंड (वाया रामपुर) पर वर्तमान में कोई पैसेंजर ट्रेन नहीं चलने की समस्या का भी उल्लेख किया गया। ज्ञापन में प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस (14307-14308) और बरेली-इंदौर एक्सप्रेस (14319-14320) को मुरादाबाद तक (वाया रामपुर) विस्तारित करने तथा इन ट्रेनों का मिलक स्टेशन पर ठहराव कराने की मांग की गई।
साथ ही मुरादाबाद-दिल्ली पैसेंजर (54307-54308) को बरेली तक बढ़ाने और रोजा-बरेली मेमू (64175-64176) को लालकुआं तक (वाया रामपुर) विस्तारित करने का अनुरोध किया गया। उन्होंने मुरादाबाद-टनकपुर मार्ग पर (वाया रामपुर) नई मेमू ट्रेन चलाने की भी मांग उठाई।
नलिन सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में माता पूर्णागिरि धाम का मेला शुरू होने वाला है। यदि मेमू ट्रेन चलाई जाती है तो रामपुर, मिलक और नगरिया सादात सहित आसपास के श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।
ज्ञापन में मिलक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 की वर्तमान लंबाई को भी अपर्याप्त बताया गया। उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म छोटे होने के कारण विशेषकर रात के समय बुजुर्ग यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी परेशानी होती है। इसलिए प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने और यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग भी की गई।
मोर्चा की ओर से उम्मीद जताई गई कि विधायक इस मामले को रेलवे मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा दिलाने का प्रयास करेंगे!