बहजोई में भगवान महावीर जन्मोत्सव पर भव्य पालकी यात्रा
बहजोई: श्री दिगम्बर जैन सभा, बहजोई के तत्वावधान में भगवान महावीर जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नगर में भगवान की भव्य पालकी यात्रा बड़े ही श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ श्री दिगम्बर जैन मंदिर, गोलागंज से हुआ। पालकी यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर सर्राफा बाजार, पुराना बाजार, पुराना डाकखाना रोड,
नया बाजार एवं रामलीला चौक होते हुए श्री दिगम्बर जैन औषधालय पहुंची। यात्रा के दौरान भगवान की आकर्षक सुसज्जित पालकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखकर जनसमूह मंत्रमुग्ध होता नजर आया।
जैन औषधालय पहुंचने पर भगवान का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी उपस्थित रहीं। उन्होंने भगवान महावीर के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके उपदेश अहिंसा, अपरिग्रह एवं अनेकांतवाद आज भी पूर्णतः प्रासंगिक हैं और संपूर्ण विश्व को उनके मार्ग पर चलकर शांति एवं सद्भाव की दिशा में अग्रसर होना चाहिए।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मंडावरा से पधारे विद्वान डॉ. चंद्रकुमार जैन द्वारा विधिपूर्वक अभिषेक एवं शांतिधारा सम्पन्न कराई गई। वहीं मेरठ के प्रसिद्ध संगीतकार विक्की जैन ने पालकी यात्रा के दौरान जैन भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिला, पुरुष एवं बच्चे भजनों की धुन पर झूमते हुए यात्रा में सम्मिलित हुए।
यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पालकी यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। सर्राफा कमेटी, भारत विकास परिषद, जायंट्स क्लब एवं गोवर्धन सेवा समिति सहित अन्य संगठनों ने पुष्पवर्षा कर भगवान की पालकी का अभिनंदन किया।
अंत में श्री दिगम्बर जैन सभा के महामंत्री संभव जैन ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।