किसान दिवस में सुनी गई कृषकों की समस्याएं

Notification

×

All labels

All Category

All labels

किसान दिवस में सुनी गई कृषकों की समस्याएं

Wednesday, March 18, 2026 | March 18, 2026 Last Updated 2026-03-18T12:35:42Z
    Share
किसान दिवस में सुनी गई कृषकों की समस्याएं

बदायूँ : 18 मार्च। मुख्य विकास अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बैंक, कृषि, सिंचाई, मत्स्य, नलकूप, गन्ना, मंडी, पशुपालन, खाद्य विपणन एवं उद्यान विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। किसान दिवस का शुभारंभ करते हुए

 उप कृषि निदेशक ने समस्त कृषक बंधुओं एवं अधिकारियों का स्वागत किया तथा फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 31 मार्च 2026 तक जनपद के सभी किसान अपनी-अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य करा लें, 

अन्यथा 01 अप्रैल 2026 से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं कृषि तथा संबद्ध विभागों की योजनाओं का लाभ मिलना बंद हो सकता है। उन्होंने बताया कि किसान अपनी रजिस्ट्री जन सेवा केंद्र, कृषि विभाग के कर्मचारियों, लेखपाल अथवा पंचायत सहायक के माध्यम से करा सकते हैं। किसानों को गेहूं क्रय केंद्रों की जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद में 105 गेहूं क्रय केंद्र खोले जाएंगे। 

जिला कृषि अधिकारी द्वारा तिलहन फसलों की जानकारी दी गई। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष द्वारा गन्ना भुगतान के संबंध में जानकारी चाही गई, जिस पर जिला गन्ना अधिकारी द्वारा बताया गया कि पिछले वर्ष का भुगतान 26 जनवरी 2025 तक तथा वर्ष 2025-26 का भुगतान 26 नवम्बर तक कर दिया गया है तथा शेष भुगतान शीघ्र कराया जाएगा।

जिला उद्यान अधिकारी के प्रतिनिधि द्वारा कोल्ड स्टोरेज के किराये के संबंध में जानकारी दी गई। भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रभारी द्वारा नलकूप कनेक्शन एवं घरेलू कनेक्शन की समस्या रखी गई, जिस पर विद्युत विभाग के प्रतिनिधि द्वारा जानकारी दी गई। अन्य किसानों द्वारा आवारा पशुओं से फसल नुकसान, पशु चिकित्सालय में चिकित्सकों की तैनाती तथा कामधेनु योजना से संबंधित समस्याएं रखी गईं, जिन पर संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अंत में उप कृषि निदेशक बदायूँ द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं किसान बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस के समापन की घोषणा की गई।
-----
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close