फैक्टरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाला 20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
संवाददाता लेखराज कौशल की रिपोर्ट हापुड़ उत्तर प्रदेश
हापुड़। थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर फैक्टरी लगाने के नाम पर लोगों से ठगी करने का आरोप है और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
थाना प्रभारी के अनुसार वांछित/फरार चल रहे इस इनामी अपराधी को सिकन्दरपुर गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विनीत चौहान उर्फ मोनू पुत्र राजेश चौहान निवासी ग्राम सलारपुर, थाना बहादुरगढ़ जनपद हापुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने फैक्टरी लगाने का झांसा देकर लोगों से ठगी की थी, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लगातार फरार रहने के कारण उस पर 20,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम द्वारा काफी समय से आरोपी की तलाश की जा रही थी और गुप्त सूचना के आधार पर उसे दबोचने में सफलता मिली।