6 वर्षीय मासूम शिवांश के साथ हुई दरिंदगी एवं उसकी हत्या को लेकर कांग्रेस का तीखा आक्रोश

Notification

×

All labels

All Category

All labels

6 वर्षीय मासूम शिवांश के साथ हुई दरिंदगी एवं उसकी हत्या को लेकर कांग्रेस का तीखा आक्रोश

Wednesday, April 22, 2026 | April 22, 2026 Last Updated 2026-04-22T14:34:42Z
    Share
*6 वर्षीय मासूम शिवांश के साथ हुई दरिंदगी एवं उसकी हत्या को लेकर कांग्रेस का तीखा आक्रोश

*कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार के घर पहुंच कर पिता सुनील एवं दादा जसवंत के साथ पूरे परिवार को बंधाया ढांढस*

रामपुर। मामला जनपद के थाना केमरी क्षेत्र से है जहां ग्राम खेमपुर में 6 वर्षीय मासूम शिवांश के साथ हुई रूह कंपा देने वाली दरिंदगी एवं उसकी नृशंस हत्या की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह हृदय विदारक घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि समूचे समाज की संवेदनशीलता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है।

इस अमानवीय घटना के बाद जिला कांग्रेस कमेटी पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी नजर आई। पूर्व विधायक बिलासपुर संजय कपूर के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल ग्राम खेमपुर पहुंचा, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया। प्रतिनिधिमंडल ने आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।

इससे पूर्व जिला अस्पताल में भी कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार से भेंट कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रामपुर को पत्र लिखकर घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित एवं निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग की गई थी।

इस दर्दनाक घटना को लेकरसंजय कपूर ने कहा कि “यह घटना बेहद निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाली है। एक मासूम बच्चे के साथ इस तरह की दरिंदगी सभ्य समाज में कतई स्वीकार्य नहीं हो सकती। प्रशासन को चाहिए कि इस मामले की तह तक जाकर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराए, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके और भविष्य में कोई ऐसी जघन्य घटना करने का साहस न कर सके।”

वहीं जिला अध्यक्ष निक्कू पंडित ने कहा कि “यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि मामले की गहन जांच कर सभी दोषियों को तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए। मासूम शिवांश को न्याय मिलना ही चाहिए। 

इस संबंध में पूर्व विधायक संजय कपूर और जिला अध्यक्ष निक्कू पंडित ने घटना के दिन ही पुलिस अधीक्षक, रामपुर को एक विस्तृत पत्र प्रेषित कर पूरे मामले की गंभीरता से अवगत कराया था। पत्र में उन्होंने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया कि यह घटना अत्यंत जघन्य, संवेदनशील एवं जनआक्रोश से जुड़ी हुई है, इसलिए इसकी जांच किसी भी स्तर पर लापरवाही के बिना, पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कराई जाए, ताकि साक्ष्यों के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो और दोषियों को कानून के दायरे में लाने में कोई विलंब न हो।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि प्रशासन को इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना बनानी चाहिए, जिससे समाज में सुरक्षा का माहौल स्थापित हो सके।
अंत में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मासूम शिवांश को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दोहराया कि न्याय की इस लड़ाई में पार्टी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी। प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रूप से शहर अध्यक्ष बाकर अली खां, साहिर रज़ा खां, नोमान मुमताज़ खां, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अजीत सिंह व अन्य लोग मौजूद रहे।
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close