मिलक /रामपुर
समाजवादी पार्टी ने मिशन 2027 की तैयारियों के तहत संगठनात्मक ढांचे को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार सागर ने 36-बिलासपुर विधान सभा सीट के लिए नए विधानसभा अध्यक्ष की घोषणा कर दी है।
सपा ने बिलासपुर विधान सभा क्षेत्र की कमान प्रमोद गंगवार को सौंपी है। उन्हें आधिकारिक रूप से 36-बिलासपुर विधान सभा का सपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रमोद गंगवार लंबे समय से पार्टी में सक्रिय हैं और बूथ स्तर तक उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
सपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार सागर ने बताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में नए सिरे से अध्यक्षों की तैनाती शुरू की है।
बिलासपुर सीट पर प्रमोद गंगवार को जिम्मेदारी देने के पीछे संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना है।
सपा का लक्ष्य आगामी चुनाव में जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर कब्जा करना है। इसके लिए पार्टी ने पहले तहसील अध्यक्ष बनाए और अब विधानसभा अध्यक्षों की घोषणा की जा रही है।
नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्ष प्रमोद गंगवार से अपेक्षा की गई है कि वह सपा के पीडीए फॉर्मूले को घर-घर तक पहुंचाएं।
कमजोर, वंचित वर्गों के उत्थान और उनकी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए बूथ, सेक्टर और जोन कमेटियों का गठन कर संगठन को एकजुट करेंगे।
सपा नेतृत्व ने सभी नवनिर्वाचित अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे आमजन के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता को जागरूक करें।