घटना को लेकर उठे सवाल
फतेहगंज पूर्वी । थाना क्षेत्र के मुस्ताबगंज सराय में एक महिला के करंट लगने से गंभीर रूप से झुलसने का मामला सामने आया है। घायल महिला की पहचान मीर जहां, पत्नी जलालुद्दीन, निवासी मुस्ताबगंज सराय के रूप में हुई है।
परिजनों का आरोप है कि महिला 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गई, जिससे उसके हाथों की उंगलियां और शरीर का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बरेली में भर्ती कराया गया।
वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि महिला को 11 हजार वोल्ट लाइन से नहीं, बल्कि कूलर में उतरे करंट की वजह से झटका लगा है। विभाग का दावा है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विद्युत करंट का प्रतीत होता है।
घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के कारण मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। यदि वास्तव में 11 हजार वोल्ट लाइन से हादसा हुआ है तो यह गंभीर लापरवाही का मामला हो सकता है, जबकि विभाग अपनी जांच में कूलर में करंट आने की बात कह रहा है।
फिलहाल महिला का इलाज जारी है। घटना के वास्तविक कारण का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
छह साल पहले महिला के पति जलालुद्दीन की मौत 11 हजार लाइन की चपेट में आने से हुई थी।तब लाइन के तारों को ऊंचा कर दिया गया था।
जेई सूरज तोमर ने बताया कि जांच करने पर पता चला कि महिला कूलर में कुछ कर रही थी तभी करेंट लग गया छत से तारों की ऊंचाई करीब छह फीट है अगर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आती तो बड़ी घटना हो सकती थी।