पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा का संकल्प— कर्मचारियों के हर वैध बकाये का होगा पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण।
संवाददाता आकाश बाबू वज़ीरगंज
बदायूं। नगर पालिका परिषद में कल का दिन कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए ऐतिहासिक बन गया। वर्षों से लंबित डीए, पीएफ, सेवानिवृत्ति लाभ एवं अन्य देयों का इंतजार कर रहे कर्मचारियों और पेंशनरों के चेहरों पर उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब नगर पालिका परिसर में आयोजित भव्य समारोह में पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रज़ा की मौजूदगी में कुल 4 करोड़ 40 लाख 47 हजार 621 रुपये की बकाया धनराशि का वितरण किया।
करोड़ों रुपये का भुगतान होते ही पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया और कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दोनों नेताओं का स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य वर्षों से लंबित वित्तीय देनदारियों का निस्तारण कर कर्मचारियों एवं पेंशनरों को आर्थिक राहत प्रदान करना था।
बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी, उनके आश्रित, पेंशनर, नियमित कर्मचारी, सफाई कर्मचारी, अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहे। भुगतान प्राप्त करने वाले कर्मचारियों ने इसे अपने जीवन का सबसे यादगार दिन बताते हुए कहा कि लंबे समय से अटकी धनराशि मिलने से अब परिवार की आर्थिक परेशानियां काफी हद तक दूर होंगी।
वहीं पेंशनरों को महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान, नियमित कर्मचारियों को डीए की राशि तथा सामान्य एवं सफाई कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित भविष्य निधि (पीएफ) का भुगतान भी किया गया।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने अपने संबोधन में कहा कि यदि कर्मचारियों को समय पर उनका अधिकार और सम्मान मिले तो संस्था भी तेजी से आगे बढ़ती है।
नगर पालिका द्वारा आज किया गया यह भुगतान केवल धनराशि का वितरण नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मान और उनके अधिकारों की पुनर्स्थापना है। पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि "नगर पालिका के विकास में कर्मचारियों की मेहनत और ईमानदारी सबसे बड़ी पूंजी है। ऐसे में उनका बकाया वर्षों तक लंबित रहना उचित नहीं था।
भविष्य में भी यदि किसी कर्मचारी का वैध भुगतान लंबित पाया जाएगा तो उसका शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। नगर पालिका कर्मचारियों के सम्मान, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करती रहेगी।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके आश्रवहीं सफाई कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से अटकी पीएफ राशि मिलने से उनका भविष्य अधिक सुरक्षित होगा और नगर पालिका द्वारा कर्मचारियों के हित में उठाया गया यह कदम सराहनीय है।
समारोह के दौरान उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी मजदूर संघ के नगर अध्यक्ष रमेश डी लाल,
अरुण कुमार, अरुण दुलारे, राजू बाल्मीकि सहित अन्य पदाधिकारियों ने पूर्व मंत्री आबिद रज़ा को पगड़ी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सचिन सक्सेना ने पूर्व मंत्री आबिद रज़ा और पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
करोड़ों रुपये के इस ऐतिहासिक भुगतान को नगर पालिका परिषद बदायूं की कर्मचारी हितैषी पहल माना जा रहा है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ने के साथ-साथ प्रशासन और कर्मचारियों के बीच विश्वास भी और मजबूत हुआ है।