सहसवान। ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से मॉडल विलेज ट्रस्ट द्वारा चयनित गांव बसौलिया, इस्माइलपुर और कुर्बानपुर में जरूरतमंद बच्चों के लिए स्कूल किट वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय बसौलिया में हुई, जहां आसपास के लगभग चार विद्यालयों के बच्चों को स्कूल किट वितरित की गई। इस कार्यक्रम का संचालन मॉडल विलेज ट्रस्ट के विलेज कोऑर्डिनेटर अजमल हुसैन के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन के स्टेट कोऑर्डिनेटर मोहम्मद अबूज़र विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से स्कूल किट वितरित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके बाद मॉडल विलेज ट्रस्ट के हेड ऑफिस के प्रोजेक्ट इंचार्ज इलियास हमदानी ने मल्लू खान के आवास, इस्माइलपुर, प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर तथा कुर्बानपुर गांव में गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच स्कूल किट वितरित की। तीनों गांवों में कुल 150 स्कूल किट जरूरतमंद बच्चों को प्रदान की गईं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य हर जरूरतमंद बच्चे तक शिक्षा की आवश्यक सामग्री पहुंचाना है, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।
प्राथमिक विद्यालय बसौलिया के प्रधानाध्यापक अमित कुमार शर्मा तथा प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर के प्रधानाध्यापक विनय चौधरी ने ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन एवं मॉडल विलेज ट्रस्ट की इस सराहनीय पहल के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और उनका मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विलेज कमेटी के सदस्य अनीस अहमद, हाफिज हाशिम रज़ा, मोहम्मद कासिम, लईक अहमद सहित गांव के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग किया। बच्चों और उनके अभिभावकों ने ह्यूमन वेलफेयर फाउंडेशन तथा मॉडल विलेज ट्रस्ट का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए
इस पहल की सराहना की।
यह कार्यक्रम शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहयोग और जनभागीदारी का एक प्रेरणादायक उदाहरण बना। संस्था ने भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों के लिए ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।