बहजोई: श्रावण शुक्ला सप्तमी के पावन अवसर पर मोहल्ला गोलागंज स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस मोक्ष सप्तमी के रूप में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ का अभिषेक, शांतिधारा एवं विशेष पूजन-विधान संपन्न हुआ।
शांतिधारा के पुण्यार्जक मनोज कुमार जैन, श्रीमती छाया जैन, चंद्रप्रकाश जैन एवं अनिल जैन रहे। अभिषेक एवं शांतिधारा के उपरांत श्रद्धालुओं ने विधि-विधानपूर्वक भगवान पार्श्वनाथ की पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात भगवान पंचकल्याणक की पूजा, निर्वाण क्षेत्र की पूजा तथा भगवान को निर्वाण लड्डू समर्पित किया गया।
इस दौरान मंदिर परिसर में महिला, पुरुष एवं बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालुओं ने संगीतमय पूजन एवं भक्ति के साथ भगवान पार्श्वनाथ की आराधना की और मोक्ष कल्याणक दिवस की आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की।
इस अवसर पर जैन समाज के महामंत्री सम्भव जैन ने कहा कि जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ को झारखंड स्थित जैन धर्म के सर्वोच्च सिद्धक्षेत्र श्री सम्मेद शिखर जी में मोक्ष की प्राप्ति हुई थी। मोक्ष सप्तमी का यह पावन दिवस आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक साधना की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। भगवान पार्श्वनाथ का जीवन
हमें बाहरी विजय के साथ-साथ स्वयं पर विजय प्राप्त करने, संयम, अहिंसा और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में जैन सभा के अध्यक्ष सुनील कुमार जैन, उपाध्यक्ष संजय कुमार जैन,
कोषाध्यक्ष मीतेश जैन, मनोज जैन, विपुल जैन, विभोर जैन, चंद्रप्रकाश जैन, आलोक जैन,
अभिलाषा जैन, अर्चना जैन, राहुल जैन, रेशु जैन, सौरभ जैन, अभिनय जैन, शिखा जैन, प्रियल जैन, साक्षी जैन, तरन जैन, रंजना जैन, अंशुल जैन, नमन जैन, सरिता जैन, शैली जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।