कांवड़ यात्रा और आला हजरत उर्स को लेकर बरेली में हाई अलर्ट, SSP अनुराग आर्य और DM अविनाश सिंह ने किया पैदल मार्च
बरेली। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और बरेली में आयोजित आला हजरत उर्स को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली अनुराग आर्य और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।
SSP और DM ने इस्लामिया ग्राउंड, दरगाह मार्ग, बिहारीपुर पुलिस चौकी, इस्लामिया मार्केट, पटेल चौक समेत उर्स से जुड़े प्रमुख मार्गों और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया। अधिकारियों ने पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर की गई तैयारियों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं, आला हजरत उर्स में पहुंचे जायरीनों, स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से संवाद किया। अधिकारियों ने सभी को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कांवड़ मार्गों और उर्स क्षेत्र में ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल को सतर्क रखा गया है।
पैदल गश्त के दौरान एडीएम (ई), एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी ट्रैफिक अकमल खान, एसपी क्राइम मनीष कुमार सोनकर, CO LIU विजय राणा, CO नवाबगंज नीलेश मिश्रा और CO ट्रैफिक अंजनी कुमार तिवारी समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तथा पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा