महिला लापता, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप—चार बच्चों के पिता की गुहार

Notification

×

All labels

All Category

All labels

महिला लापता, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप—चार बच्चों के पिता की गुहार

Friday, September 18, 2026 | September 18, 2026 Last Updated 2026-09-18T08:45:39Z
    Share

संवाददाता राजेश गुप्ता ब्यूरो चीफ बदायूं 
महिला लापता, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप—चार बच्चों के पिता की गुहार

उझानी। कोतवाली उझानी क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुराव नगला के मजरा बुटला दौलत से एक महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति का आरोप है कि वह पिछले कई दिनों से पत्नी की तलाश और कार्रवाई के लिए कोतवाली के चक्कर काट रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार बुटला दौलत निवासी उमेश पुत्र भगवंत की पत्नी सिन्धू, जिनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है, 29 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गईं। पत्नी के अचानक लापता होने के बाद उमेश ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों समेत संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

उमेश का आरोप है कि ज्ञान सिंह पुत्र बदन सिंह निवासी गून्दरा गंज, मजरा बुटला दौलत ने अपने दामाद जयकांत पुत्र सरवन निवासी ग्राम मनकापुर, थाना सोरों, जिला कासगंज के साथ मिलकर उसकी पत्नी को कहीं गायब कर दिया है। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पीड़ित उमेश के अनुसार उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं और पत्नी के लापता होने से परिवार बेहद परेशान है। उसका कहना है कि वह कई दिनों से कोतवाली के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसकी शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

पीड़ित ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हल्का दरोगा और हल्का सिपाही उसके घर पहुंचकर कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी देते हैं तथा ओटीपी मांगते हैं। उमेश का आरोप है कि उसकी समस्या सुनने और पत्नी की तलाश कराने के बजाय उसे ही परेशान किया जा रहा है।

उमेश ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से भी की है। इसके बावजूद सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए वह न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।

इस संबंध में थाना प्रभारी का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। अब सवाल यह है कि लापता महिला की तलाश कब तेज होगी और पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस कब ठोस कदम उठाएगी? पुलिस जांच के बाद ही महिला के लापता होने के कारण और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता सामने आ सकेगी।
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close