अमित कुमार जोशी की रिपोर्ट मिलक रामपुर
शादी का वादा कर युवती से संबंध, गर्भवती होने पर गर्भपात का दबाव
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, मारपीट और धमकी देने का भी आरोप
मिलक (रामपुर)। मोहल्ला रौरा खुर्द निवासी रूपाल ने थाना मिलक में तहरीर देकर एक युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार आरोपी उसे शादी का भरोसा देता रहा, जिसके चलते वह उसके विश्वास में आती रही।
रूपाल के मुताबिक, इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद युवक ने शादी करने के बजाय उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। तहरीर में युवक के पहले से शादीशुदा होने और उसके दो बच्चे होने की बात भी कही गई है। युवती का आरोप है कि युवक के परिवार के लोगों को पूरे मामले की जानकारी थी, लेकिन इसके बावजूद उससे यह बात छिपाई गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर नितिन चौहान, सचिन चौहान, तेजकुमारी और मीनू चौहान निवासी चुराई रोड, थाना मीरगंज, जिला बरेली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
युवती का आरोप है कि जब उसके परिवार ने दूसरी जगह शादी की बातचीत शुरू की तो आरोपी पक्ष ने कथित रूप से रिश्ता रुकवाने का प्रयास किया। साथ ही उसने अपने निजी फोटो और वीडियो के दुरुपयोग की आशंका भी जताई है।
रूपाल ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।