शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना को लेकर अधिकारियों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों को दिए निर्देश
बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन-2026 की 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना को सकुशल संपन्न कराने के लिए सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने संजय गांधी कम्युनिटी हॉल स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्गों सहित यातायात व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त बरेली, जिलाधिकारी बरेली, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध और पुलिस अधीक्षक यातायात समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतगणना स्थल पर की गई तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। इसमें सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही नियमानुसार प्रवेश देने और प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने को कहा गया।
अधिकारियों ने मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने और यातायात सुचारु रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मतगणना समाप्त होने तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए गए।
राजेश गुप्ता की रिपोर्ट ब्यूरो चीफ बदायूं से