राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ब्यूरो चीफ बदायूं से
प्रभारी मंत्री ने रौजा मंडी में धान क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, किसानों से संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
शाहजहाँपुर, 17 नवंबर 2026 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मंगलवार को प्रमुख मंडी स्थल रौजा परिसर में संचालित विभिन्न धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्रय केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, धान खरीद की प्रगति एवं किसानों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि जनपद में विभिन्न क्रय एजेंसियों के कुल 220 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो सभी क्रियाशील हैं। जनपद को आवंटित 3.20 लाख मीट्रिक टन धान खरीद के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 3,340 किसानों से 23,774.409 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। रौजा मंडी परिसर में विभिन्न एजेंसियों के कुल 19 धान क्रय केंद्र संचालित हैं।
प्रभारी मंत्री ने क्रय केंद्रों पर उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर धान विक्रय में आ रही समस्याओं एवं भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि प्रारंभ में पंजीकरण सत्यापन में कुछ समस्या आ रही थी, जिसका अब समाधान हो गया है। वर्तमान में उन्हें पंजीकरण एवं धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है तथा पीएफएमएस के माध्यम से उन्हें उनकी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्रों पर शासनादेश के अनुरूप आवश्यक उपकरण एवं अभिलेख व्यवस्थित पाए गए। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाएं भी संतोषजनक मिलीं।
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी धान क्रय केंद्रों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को अपनी उपज सरकारी समर्थन मूल्य पर बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य समय से उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी परिस्थिति में किसानों को औने-पौने दामों पर धान बेचने अर्थात् डिस्ट्रेस सेल की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/जिला खरीद अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, सचिव कृषि उत्पादन मंडी समिति रौजा सहित विभिन्न क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।