सात बार मिलीं जान से मारने की धमकी, एक माह बाद दर्ज हुआ मुकद्दमा, परिवार दहशत में
संवाददाता अमित कुमार जोशी मिलक रामपुर
मिलक। जान से मारने और बेटी को उठाने की धमकी मिलने के मामले में आखिरकार मिलक पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। करीब एक माह बाद 13 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 0387/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मान बहादुर सिंह को सौंपी गई है। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद रामपुर के जिला आदेश शंखधार ने तहरीर में बताया कि 11 अक्टूबर की शाम एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही बेटी को उठाने की बात कही गई। आदेश शंखधार ने बताया कि उन्होंने उसी दिन कॉल रिकॉर्डिंग थाना प्रभारी, सीओ, एएसपी और एसपी को व्हाट्सएप पर भेज दी थी, लेकिन काफी समय तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। उनका दावा है कि अब तक उन्हें सात बार जान से मारने की धमकियाँ मिल चुकी हैं।
इससे पहले 23 मई को भी व्हाट्सएप पर वॉइस रिकॉर्डिंग और संदेश भेजकर धमकाया गया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट न्यायालय भेज दी थी। आदेश शंखधार का दावा है कि दोनों घटनाओं में धमकी देने वाले व्यक्ति की आवाज एक जैसी है। उन्होंने रिकॉर्डिंग का मिलान कर जांच कराने की मांग की है। आदेश शंखधार ने पुलिस उप महानिरीक्षक मुरादाबाद को दिए पत्र में आग्रह किया गया है कि पुलिस अधीक्षक रामपुर से आरोपी की पहचान कर कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से पूरा परिवार दहशत में है। अब देखने वाली बात यह है कि क्या रामपुर पुलिस आदेश शंखधार को सुरक्षा उपलब्ध कराएगी या फ़िर भगवान भरोसे उनकी सुरक्षा छोड़ दी जाएगी।