संभल बहजोई / उत्तर प्रदेश
जैन समाज ने तीर्थराज सम्मेद शिखर की पवित्रता बचाने को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, पर्यटन मंत्री सहित झारखंड के मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर को सौंपा।
बहजोई: जैन सिद्ध तीर्थ क्षेत्र श्री सम्मेद शिखर बचाओ अभियान के तहत, श्री दिगम्बर जैन सभा, जैन मिलन एवं जैन महिला मंडल ने संयुक्त रूप से एकत्र होकर मौन जुलूस के स्वरूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति,
प्रधानमंत्री, झारखंड के मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर को सौंपा।
जैन मिलन के क्षेत्रीय शाखा संयोजक एवं जैन सभा के सांस्कृतिक मंत्री सम्भव जैन सम्बोधित करते हुए
बताया कि समाज का झारखंड स्थित प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र श्री सम्मेद शिखर पारसनाथ पर्वत, गिरिडीह 20 जैन तीर्थंकरों की और अनंतानंत संतो की मोक्ष स्थली है।
सम्भव जैन ने कहा कि आज सम्पूर्ण जैन समाज की अटूट आस्था का केंद्र सम्मेद शिखर की स्वतंत्र पहचान, पवित्रता और संरक्षण हेतु सम्मेद शिखर जी बचाओ आंदोलन के समर्थन में पांच सूत्रीय मांगों के लिए ज्ञापन सौंपने एकत्र हुए हैं।
हमारी मांगे हैं कि पारसनाथ पर्वतराज को वन्य जीव अभयारण्य, पर्यावरण पर्यटन के लिए घोषित इको सेंसिटिव जोन के अंर्तगत जोनल मास्टर प्लान व पर्यटन मास्टर प्लान, धार्मिक पर्यटन सूची से बाहर किया जाए।
तीर्थराज की स्वतंत्र पहचान व पवित्रता नष्ट करने वाली झारखंड सरकार की अनुशंसा पर केंद्रीय वन मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना को अविलंब रद्द किया जाए। क्षेत्र को मांस-मदिरा बिक्री मुक्त पवित्र जैन तीर्थस्थल घोषित किया जाए।
पारसनाथ वंदना मार्गो अतिक्रमण, वाहन संचालन व अभक्ष्य सामग्री बिक्री मुक्त कर यात्री पंजीकरण, सामान जांच हेतु सीआरपीएफ व स्कैनर, सीसीटीवी कैमरे सहित दो चिकित्सा चेक पोस्ट बनाएं जाएं।
पर्वतराज से पेड़ों का अवैध कटान, पत्थरों का अवैध खनन और महुआ के लिए आग लगाना प्रतिबंधित हो।
सम्भव जैन ने कहा कि हमारे तीर्थ क्षेत्र से सम्बंधित उक्त मांगों को अगर पूर्ण नहीं किया गया
तो जैन समाज का आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर जैन सभा के अध्यक्ष सुनील कुमार जैन,मोहित जैन,मीतेश जैन, अंशुल जैन, अभिलाषा जैन, सरिता जैन,सपना जैन, विपुल जैन,आलोक जैन, मनोज जैन,
रिंकू जैन, अजय जैन, अजित प्रकाश जैन, अर्पित जैन, प्रेरक जैन, नमन जैन,राहुल जैन, पारस जैन,संजय जैन,ईशान जैन,शिखा जैन,शैली जैन,
रजनी जैन, रंजना जैन,पूनम जैन, संतोष देवी जैन,रश्मि जैन सहित जैन समाज के दर्जनों महिला व पुरुष वर्ग के लोग उपस्थित रहे।
संवाददाता नेत्रपाल सिंह