ट्रैक्टर ट्राली और डंपर की भिड़ंत में दो लोगों की हुई मौके पर मौत, दो लोग हुए घायल
रामपुर शाहबाद रोड पर बीते सोमवार की देररात एक ट्रैक्टर ट्राली और डंपर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एकत्रित ग्रामीणों की मदद से शवों को निकालकर कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
घटना जनपद रामपुर के पटवाई थाना क्षेत्र की है जहां बीते सोमवार की देर रात लगभग 12:00 बजे शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के पस्तोर गांव निवासी किसान आरिफ(23) अपनी लकड़ी काटकर ट्रैक्टर ट्राली के द्वारा रामपुर पिलिंग मशीन पर बेचने के लिए ले जा रहा था।
वहीं कोतवाली क्षेत्र के ही परोता गांव निवासी धीर सिंह ट्रैक्टर चला रहा था। उसी दौरान जनपद बरेली की भोजीपुरा थाना क्षेत्र के भीकनपुर गांव निवासी इकबाल(26) और इसी थाना क्षेत्र के रत्ना गांव निवासी हेल्पर साबिर डंपर लेकर शाहबाद जा रहे थे।
रामपुर शाहबाद रोड के पास मतवाली गांव की एक मोड़ पर दोनों की आमने सामने से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद वहां मौके पर चीख-पुकार मचगई। हादसे में ट्रैक्टर सवार किसान आरिफ और डंपर चालक इकबाल की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि ट्रैक्टर चालक धीर सिंह और डंपर हेल्पर साबिर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे को देख एकत्रित हुई भीड़ की मदद से शवों को निकालकर कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।