भाजपा नेता की अवैध प्लाॅटिंग पर गरजी आरडीए की जेसीबी
रामपुर। उद्योगों के लिए चिन्हित जमीन पर भाजपा नेता समेत अन्य बिल्डरों ने अवैध तरीके से प्लाटिंग कर दी। जानकारी मिलने के बाद रामपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने मामले की जांच की और फिर नोटिस जारी किए,
लेकिन संतोषजनक जवाब न आने की वजह से आरडीए ने प्लाटिंग पर जेसीबी चलवा दी और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
मामला भमरौआ शिव मंदिर की रोड के किनारे स्थित जमीन का है। यहां पर मोहम्मद शाकिर, नीरज गुप्ता, रविंद्र सिंह टोनी द्वारा नौ हजार वर्ग मीटर जमीन पर प्लाटिंग की जा रही थी। मोहम्मद शाकिर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री हैं। इस जमीन का उपयोग उद्योगों के लिए निर्धारित था। किंतु, बिल्डरों की नजर इस पर पड़ गई।
प्रापर्टी डीलरों ने जमीन को खरीद लिया और जमीन का भू-उपयोग परिवर्तित किए बिना ही प्लाटिंग शुरू कर दी। इसके लिए उसने पूरी जमीन को चारदीवारी, बिजली के खंभों, सड़कों आदि से कवर कर दिया। प्लाटों की खरीद फरोख्त के लिए एक दफ्तर भी बनाया गया था। इससे पहले कि वहां प्लाटों की बिक्री होती,
मामले की जानकारी आरडीए के अफसरों को हो गई। जांच की गई, तो पता लगा कि जमीन का भू-उपयोग उद्योगों के लिए था। जिसके बाद आरडीए की तरफ से नोटिस जारी किए गए।
लेकिन, नोटिस का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। जिसके बाद सोमवार को तहसीलदार सदर केके चौरसिया, आरडीए के अधिकारी व कर्मचारी बुलडोजर के साथ भमरौआ रोड के किनारे स्थित जमीन पर पहुंच गए।
इसके बाद बुलडोजर चलना शुरू हुआ। सबसे पहले चारदीवारी तोड़ी गई। फिर सड़क उखाड़ी गई और उसके बाद बिजली के खंभे तोड़े गए। अंत में दफ्तर भी ध्वस्त कर दिया गया।
इस दौरान आरडीए की कार्रवाई देख खलबली मच गई। आरडीए सचिव हेम सिंह के अनुसार उद्योगों की जमीन पर अवैध तरीके से प्लाटिंग की जा रही थी, जिसके चलते प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया है। बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।