आज से कड़ी सुरक्षा के बीच 11 केंद्रों पर होगी पुलिस भर्ती परीक्षा
*संवाददाता* मुस्कान अंसारी
रामपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरू होगी। 17 व 18 फरवरी को होने वाली परीक्षा में 18432 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। दोनों दिन परीक्षा दो-दो पालियों में होगी। परीक्षा के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। साथ ही अन्य इंतजाम भी पूरे हो गए हैं।
जिले में 11 काॅलेजों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पुलिस भर्ती की परीक्षा के लिए जिले को छह सेक्टरों में बांटा गया है। जनपद में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इन परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 4608 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
पहली पाली 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा तीन से पांच बजे तक होगी। परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को चाक
चौबंद रखने के निर्देश जारी कर चुके हैं। परीक्षा के लिए केंद्रों को 3 जोन, 6 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके लिए 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 11 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षाराजकीय खुर्शीद कन्या इंटर काॅलेज, राजकीय पाॅलीटेक्निक काॅलेज, राजकीय कन्या इंटर काॅलेज स्वार, राजकीय इंटर काॅलेज स्वार,
श्यामा प्रसाद मुखर्जी सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्वार, महाराणा पृथ्वीराज चौहान डिग्री काॅलेज स्वार, न्यू ऐज पब्लिक स्कूल बिलासपुर, राजकीय इंटर काॅलेज शाहबाद, राजकीय इंटर काॅलेज धमोरा, हीरा इंटर कॉलेज मिलक और सरस्वती इंटर कॉलेज मिलक।
-
रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर रहेगी पुलिस की नजर
दो दिन होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर रहेगी। अपर पुलिस अधीक्षक अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा मजबूत की गई है ताकि अव्यवस्था न हो। इसके अलावा चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा, जिससे कहीं जाम की समस्या न उत्पन्न हो। परीक्षा केंद्रों पर भी कड़ी सुरक्षा रहेगी।
-
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा दो दिन चलेगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।