ट्रक में बाइक घुसने से युवक की मौत, दोस्त गंभीर रूप से घायल, पुलिस और परिजनों में हुई तकरार
रामपुर के अंडीखेड़ा गांव के मोड़ पर ट्रक में बाइक से टक्कर लगने से उसमें सवार युवक की मौत हो गई। उसके साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिलासपुर-स्वार मार्ग पर अंडीखेड़ा गांव के मोड़ पर बाइक खराब ट्रक में जा घुसी। इसमें बाइक सवार युवक राजा (22) की मौके पर ही मौत हो गई। उसका दोस्त मुनाजिर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजन के बीच पोस्टमार्टम कराने को लेकर तकरार हो गई।
बाद में समझाने पर परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए। इस बीच घायल को सीएचसी भिजवा दिया गया। स्वार कोतवाली क्षेत्र के हमीरपुर निवासी राजा पुत्र हसीन खां सोमवार को अपने दोस्त मुनाजिर के साथ बिलासपुर क्षेत्र के गांव स्थित रिश्तेदार की शादी में शिरकत करने गया था।
सोमवार की देर शाम लगभग नौ बजे वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे वह मिलकखानम से अंडीखेड़ा गांव के मोड़ पर पहुंचे, वहां पंक्चर ट्रक खड़ा था, जिसमें बाइक घुस गई। हादसे में राजा की तत्काल मौत हो गई, जबकि मुनाजिर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीछे से आ रहे दूसरे रिश्तेदारों ने हादसे की जानकारी परिजन को दी तो तमाम ग्रामीणों के साथ वह भी आ गए। सूचना मिलने पर थाना मिलकखानम पुलिस भी आ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए शव कब्जे में लेना चाहा तो परिजन ने कोई कार्रवाई न करने की बात कहते हुए शव उन्हें सौंपने की बात कही।
पुलिस ने इनकार किया तो तकरार होने लगी। भीड़ के कारण स्वार-बिलासपुर मार्ग काफी देर तक बाधित होकर रह गया। अंततः रात लगभग 11 बजे पुलिस के समझाने पर परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को राजी हो गए।
इसके चलते आवागमन सुचारू हो सका। फिलहाल परिजन की ओर से पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
फुफेरे भाई की शादी की हसरत अधूरी रह गई
हमीरपुर गांव निवासी किसान हसीन खां के तीन लड़के और चार बेटियां हैं, जिसमे राजा दूसरे नंबर का था। वह फर्नीचर का काम सीख कर कानपुर में काम करने चला गया। फुफेरे भाई की शादी में शिरकत के लिए वह तीन दिन पहले ही घर आया था।