रामपुरवासियों को भी उदास कर गए पंकज उधास
*रामपुर*। मशहूर गजल गायक पंकज उधास का रामपुर से काफी गहरा नाता रहा। वे चार बार रामपुर और अपने गजलों से यहां के लोगों के दिल पर छा गए। वे आखिरी बार 2021 में रामपुर नुमाइश मैदान में आयोजित हुनर हाट में कार्यक्रम आए तो लोगों की भीड़ के आगे मैदान छोटा पड़ गया था। लोग उन्हें देखने के लिए बेताब थे।
उनके निधन की खबर सुनकर प्रशंसक दुखी हो गए।मशहूर गजल गायक पंकज उधास का 72 साल की उम्र में निधन हो गया। पंकज उधास के रामपुर में भी हजारों प्रशंसक हैं। उनकी यादें रामपुर से जुड़ी हुई हैं।
वे आखिरी बार 20 अक्तूबर 2021 को रामपुर आए थे। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय की ओर से रामपुर के नुमाइश मैदान में आयोजित हुनर हाट कार्यक्रम में उन्होंने प्रस्तुति दी थी। हुनर हाट के इस कार्यक्रम में पंकज उधास के साथ ही मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव भी शामिल हुए थे।
पंकज उधास की गजलों को सुनने के लिए लोगों की खूब भीड़ उमड़ी थी। भीड़ के आगे व्यवस्था बनाने में पुलिस व प्रशासनिक अफसरों के पसीने छूट गए थे।
उस वक्त मैदान छोटा पड़ गया था। इस कार्यक्रम में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख भी मौजूद रहे थे। इससे पहले भी पंकज उधार रामपुर में तीन बार आए थे।
उनकी मशहूर गजल चिठ्ठी आई है... सुनकर लोग अपनी कुर्सियों से खड़े होकर वाहवाह करने लगे थे। इसके अलावा हुई महंगी शराब थोड़ी थोड़ी पिया करो... जैसी गजलों ने भी लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया था।
रामपुर में आखिरी बार कार्यक्रम करने पहुंचे मशहूर गजल गायक पंकज उधास शहर के एक होटल में रुके थे तो तमाम लोग यहां पहुंच गए थे।
यहां उनसे मिलने वालों की भीड़ लगी थी। इसके अलावा सियासी व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुलाकात की। पंकज आम लोगों से भी बड़ी आसानी से मिलते थे।
अभिनेता रजा मुराद ने भी जताया शोक
मशहूर फिल्म अभिनेता रजा मुराद ने पंकज उधास को श्रद्धांजलि देते हुए दुख जताया। उन्हाेंने कहा है कि पंकज उधास करोड़ों दिलों पर राज किया करते थे। उन्होंने लंबा संघर्ष किया था।
पहले उनकी पहचान मनहर उधास के भाई के रूप में थी, लेकिन बाद में मनहर उधास पंकज उधास के भाई के रूप में पहचाने जाने लगे। कहा कि पंकज की आवाज का जादू भारत में ही नहीं दुनिया भर में कायम रहा। उनके निधन से संगीत जगत को भारी नुकसान हुआ है। भउनकी आवाज हमेशा लोगों की यादों में गूंजती रहेगी।
प्रशंसकों के दिलों में जिंदा रहेंगे पंकज : नकवी
पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने गजल गायक पंकज उधास के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि पंकज उधास का जाना संगीत जगत के लिए