जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने रविवार को स्वनिधि योजना के तहत बनाए जा रहे गलियारे का निरीक्षण किया
रामपुर। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने रविवार को बिलासपुर में नैनीताल रोड पर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बनाए जा रहे गलियारे का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नगर में 10 और स्थानों को चिह्नित कर गलियारे बनवाए जाएंगे।डीएम रविवार को आरओ और एआरओ की परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए नगर में आए थे।
परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद वापस जिला मुख्यालय जाते समय नैनीताल रोड स्थित निर्माणाधीन प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे गलियारा स्थल पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन गलियारे का निरीक्षण किया। साथ ही तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल ने डीएम को बताया कि वह अन्य 10 और स्थानों पर भी गलियारों का निर्माण करना चाहते हैं।
डीएम में कहा कि वह प्रस्ताव बनाकर उन्हें भेज दें, ताकि 10 और गलियारों का निर्माण कराया जा सके।
उन्होंने नगर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गलियारा बनने से रेहड़ी व पटरी पर बैठकर काम करने वाले छोटे दुकानदारों को काफी सुविधा हो जाएगी। यातायात व्यवस्था भी ठीक रहेगी।
इस मौके पर एडीएम लालता प्रसाद शाक्य, एसडीएम हिमांशु उपाध्याय, सीओ रवि खोखर, कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह, पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल, भाजपा पूर्व नगर अध्यक्ष अनिल मदान आदि उपस्थित रहे।
वहीं डीएम ने केमरी में पीएम स्वनिधि गलियारे के निर्माण के लिए राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर चयनित भूमि का निरीक्षण किया।